प्रदेश सरकार भी वैट कम कर दे राहत, टोल वृद्धि पर पुनर्विचार करे: कंवर
BHT news, ऊना, 27 मार्च: वैश्विक स्तर पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती आम जनता को राहत देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। यह बात वॉलीबॉल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने कही। उन्होंने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हमेशा जनहित को प्राथमिकता देती रही है और आम जनता को राहत देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।वीरेंद्र कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये तक की कटौती किए जाने से पेट्रोल पर ड्यूटी 13 रुपये से घटकर 3 रुपये रह जाएगी, जबकि डीजल पर यह ड्यूटी पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इससे देशभर में आम जनता, किसानों, परिवहन क्षेत्र और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा महंगाई पर भी नियंत्रण में मदद मिलेगी।उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां एक ओर केंद्र सरकार जनता को राहत दे रही है, वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार अतिरिक्त सेस लगाने का प्रस्ताव लाकर आम जनता पर और बोझ डालने की तैयारी कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि अतिरिक्त सेस लगाने के बजाय पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर जनता को राहत दी जाए।वीरेंद्र कंवर ने कहा कि महंगाई के इस दौर में प्रदेश सरकार को जनहित को प्राथमिकता देते हुए ऐसे निर्णय लेने चाहिए जिससे आम जनता को राहत मिले, न कि बोझ बढ़े। उन्होंने कहा कि परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी प्रभावित होते हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है।इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में हुई टोल दरों में वृद्धि पर भी प्रदेश सरकार से पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक तरफ महंगाई पहले से ही लोगों को प्रभावित कर रही है, वहीं टोल में वृद्धि से आम लोगों और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है और सरकार को जल्द ही जनहित में निर्णय लेते हुए राहत प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के इस सकारात्मक कदम से प्रेरणा लेकर प्रदेशवासियों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाएगी।






























