कहा कोई किसी को चुनाव लड़ना नहीं सिखाता,यह जनता है जो किसी भी नेता को जनादेश देती है BHT news,ऊना: विधानसभा क्षेत्र ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस नेता सतपाल रायजादा द्वारा की गई बयान बाजी पर कड़े शब्दों में पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की पैरवी का टोकरा सिर पर उठाए घूम रहे ऐसे नेताओं को याद होना चाहिए की टोल टैक्स से हिमाचल प्रदेश के लोगों को राहत दिलाने वाली पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा की ही सरकार थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की टोल टैक्स वृद्धि के फैसले को सही बताने वाले कांग्रेस के नेता यह बताएं कि क्या इसका असर हिमाचल के टैक्सी चालकों पर नहीं पड़ेगा, क्या इससे हिमाचल के प्राइवेट बस ऑपरेटर प्रभावित नहीं होंगे, क्या यहां पर व्यावसायिक वाहन चलाने वाले लोगों की जेब पर इसका असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दिसम्बर 2022 से आर्थिक सुधारों के नाम पर जनता को लूटने का काम शुरू किया गया था, कांग्रेस की वही लूट अब हिमाचल प्रदेश से होते हुए बाहरी राज्यों तक टोल टैक्स के जरिए पहुंच रही है। जबकि कुल मिलाकर ऐसे नेताओं के कारण हिमाचल प्रदेश की ही छवि पंजाब सहित राज्यों में खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार और कांग्रेस के ऐसे नेता हिमाचल और पंजाब के बीच भारत और पाकिस्तान जैसी खटास पैदा करने का काम कर रहे हैं। उन्हें कहा कि टोल टैक्स से हिमाचल प्रदेश के लोगों को भाजपा ने ही राहत दी थी लेकिन यदि कांग्रेस चाहती तो एक कदम आगे बढ़ते हुए पंजाब के लोगों को भी इससे राहत प्रदान कर सकती थी। विधायक ने कहा कि ऊंची आवाज में मीडिया के सामने बात करने से कोई सच्चा साबित नहीं हो जाएगा। जनता कांग्रेस नेता की 15 साल की सक्रिय राजनीति में विधानसभा क्षेत्र के लिए दिए गए योगदान की आज भी जानकारी हासिल करना चाहती है। विधायक ने कहा कि 19 नवम्बर को जिला मुख्यालय पर हुआ गोली कांड किसी को भूला नहीं है, उस गोलीकांड के कारण एक युवक को अपनी जान से हाथ धोने पड़े, कुछ युवक आज भी जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में झूल रहे हैं, जबकि कई युवक आज भी पुलिस से बचते बचाते बेघर हुए घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों का कसूर सिर्फ इतना था कि इन्होंने एक नेता को अपना बड़ा भाई मान लिया लेकिन वह नेता केवल मात्र अपनी स्वार्थ सिद्धि तक सीमित रहा। उन्हें कहा कि किसी का नौजवान बेटा चला गया और नेता उसी मृतक को मीडिया के सामने माफिया की संज्ञा देता फिरता रहा। आज हिमाचल प्रदेश के हितों को लेकर ऊंची आवाज में डायलॉगबाजी करने वाले नेताओं की यही उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि कोई किसी को चुनाव लड़ना नहीं सिखाता, यह जनता है जो किसी भी नेता को जनादेश देती है, उसे अपने काम करने के लिए नियुक्त करती है।






























