कॉमर्शियल एरिया में दुकानदार कूड़े को ना फैकें सड़कों पर, नागरिकों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील
करनाल, आशुतोष गौतम। त्यौहारों के दृष्टिगत शहर की साफ-सफाई चकाचक रहे, इसे लेकर निगम आयुक्त विक्रम ने मंगलवार को संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह और सफाई निरीक्षकों को साथ लेकर शहर के विभिन्न भागों का दौरा किया। लाईन पार और शहर के अंदर कूड़े के लिए बनाए गए डम्पिंग स्टेशनो पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। एक-दो जगह बेसहारा पशु भी कूड़े में मुहं मारते मिले। मौके को जानकर आयुक्त ने सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि डम्पिंग स्टेशनो पर कूड़ा अधिक देर तक इकठ्ठा नही रहना चाहिए, समय पर इसकी लिफ्टिंग हो। दूसरी ओर भटकते पशुओं को पकड़कर उन्हें गौशाला में भिजवाने की व्यवस्था करें, ताकि सड़कों पर इनसे दुर्घटनाएं ना हों। दौरे में आयुक्त के साथ स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढी व मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा भी मौजूद रहे। आयुक्त ने सबसे पहले काछवा रोड स्थित डम्पिंग पॉयंट का निरीक्षण किया। राम नगर और नहर पास बसी आबादी का सारा कूड़ा यहां डम्प करके उसे डम्पर प्लेसरों की मदद से सोलिड वेस्ट प्लांट तक पहुंचाया जाता है। इसके पश्चात उन्होंने जाटों गेट स्थित डम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके ऑपोजिट सड़क किनारे सी एन डी वेस्ट पड़ा मिला। निगमायुक्त ने मौके पर ही सीएसआई को निर्देश देकर जेसीबी की मदद से इसे उठवा दिया, साथ ही इसके आस-पास बिखरा गोबर और घास-फूस की सफाई करवा डाली। इसके पश्चात उन्होंने मीरा घाटी का दौरा किया। गौर हो कि करीब 4 दशक पहले तत्कालीन उपायुक्त ने मीरा घाटी पर वाटर बॉडी बनाकर उसमें फाउन्टेन और विभिन्न धर्मों के चिन्ह लगवाकर इसे सद्भावना चौक का नाम दिया था। तब से लेकर अब तक इसका महत्व बरकरार है। निगमायुक्त ने चौक का निरीक्षण कर सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि पूर्व में बनवाया गया सद्भावना चौक और इसके आस-पास का क्षेत्र एकदम साफ-सुथरा रहना चाहिए, कहीं पर भी गंदगी दिखाई ना दे। आयुक्त ने सैक्टर-4 के पीछे डिवाईडिंग रोड और यहां के एक डम्पिंग पॉयंट का भी निरीक्षण किया। इस रोड़ के दोनो पोर्शन को कुछ समय पहले नगर निगम की ओर से सुदृढ़ता से बनवाया गया था। इससे यहां के नागरिकों को अच्छी-खासी सहूलियत मिली है, जबकि पहले यहां सिंगल और गढ्ढों भरी सड़क मुहं चिढ़ाती थी। उन्होंने डिवाईडर की सफाई और सैक्टर-6 डम्पिंग पॉयंट पर कूड़े-कचरे की उपयुक्त लिफ्टिंग बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के किनारे काटे गए घास को भी तुरंत उठवाने को कहा।
नागरिकों और दुकानदारों से सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील- शहर का दौरा करने के बाद आयुक्त ने नागरिकों से अपील करते कहा कि नगर निगम अपने संसाधनो और सफाईकर्ताओं के जरिए शहर को साफ-सुथरा बनाने में लगा है। त्यौहारों को देखते घरों व कॉमर्शियल एरिया से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे में स्वभाविक रूप से वृद्धि हो रही है, इसके परिणामस्वरूप कूड़ा एकत्रिकरण और लिफ्टिंग में कुछ समय जरूर लग सकता है, इसके लिए नागरिकों को संयम रखना चाहिए, लेकिन कूड़ा कहीं पर स्थाई रूप से पड़ा नही रहने दिया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की है कि वे बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और खरीददारी के चलते कूड़े-कचरे को दुकान से बाहर ना फैकें, इससे सफाई बाधित होती है। कूड़े को अपने पास की लिटर बिन और डस्टबिन में ही इकठ्ठा कर लें। जैसे ही नगर निगम की रेहड़ी या टिप्पर एरिया से गुजरे उसमें कूड़ा डाल दें। उन्होंने बताया कि नाईट स्वीपिंग और कॉमर्शियल एरिया में सफाई का कार्य पूर्ववत जारी रहेगा। नागरिकों के सहयोग के बिना सफाई के लिए निगम द्वारा किए जा रहे सभी उपाय नाकाफी हो जाते हैं, क्योंकि सफाई करने के साथ-साथ रखने से होती है।
































