करनाल, आशुतोष गौतम (22 सितंबर) प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अतिथि अध्यापकों ने सीएम सिटी में चल रहे धरने को स्थगित कर दिया है। रविवार को पूरे हरियाणा से अतिथि अध्यापक संघर्ष समिति के ब्लॉक, जिला व स्टेट के पदाधिकारी पहुंचे । एक अहम बैठक करके निर्णय लिया गया कि राज्य में विधानसभा आदर्श आचार संहिता लगने के कारण हम अपने आमरण अनशन को समाप्त करेंगे । आमरण अनशन पर बैठे झुझारू साथी भाई राजकुमार काली रमन को शहीद बहन राजरानी के पिता रणधीर कुंडू ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त किया । अतिथि अध्यापक संघर्ष समिति की प्रदेश अध्यक्ष मैना यादव ने कहा कि हमने अपने रोजगार के लिए नियमितीकरण हेतु लगातार 22 दिन तक आमरण अनशन किया व करनाल में महापड़ाव पर बैठे, परंतु सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी रही व अपने चुनावी घोषणापत्र के पहली कलम से नियमित करने के वादे को नहीं निभाया । जिससे 15000 अध्यापकों में भारी रोष है सरकार को वादाखिलाफी का खामियाजा आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा । संघ के प्रदेश महासचिव पारस शर्मा ने कहा कि हमने अपना धरना स्थगित किया है समाप्त नहीं किया है। यदि सरकार हमारे सर्विस रूल बनाकर चुनावी घोषणापत्र के अनुसार नियमत नहीं करती व नियमित होने तक समान काम समान वेतन का आधिकारिक पत्र जारी नहीं करती है तो पूरे हरियाणा के के गेस्ट टीचर व उनके परिवार भाजपा का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। धरना स्थल पर उपस्थित सभी अतिथि शिक्षकों ने राजकुमार कालीरमन के 22 दिन की तपस्या व मैना यादव के त्याग को स्वीकार करते हुए इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया। हमारे संघर्ष की जीत निश्चित है सभी ने रणनीति बनाकर आगे बढऩे की शपथ ली और आंदोलन को सफल बताया। इस मौके पर सतीश शर्मा, राधा कृष्ण, सुभाष खटाना,हरदीप गिल, प्रदीप बतान, राजेश मलिक, नितिन लांबा, राजीव चांदखेड़ी, कर्मवीर जागलान, इक़बाल सैनी, नरेंद्र संधू, संजीव ठाकुर, इंद्रजीत अहलावत, इंदु मलिक, सीमा ठाकुर, सरोज, निष्ठा चौधरी व अनीता मौजूद रहे।































