कब्जे वाली जगह की निशानदेही करवाकर उसे कब्जामुक्त करवाया जाएगा: निशांत कुमार
करनाल, आशुतोष गौतम (23 सितंबर) शहर के फूसगढ़ क्षेत्र में लावारिस गौवंश के संरक्षण के लिए नगर निगम द्वारा बनाए गए गऊधाम और नंदीशाला का सोमवार को निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने दौरा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उनके साथ डीएमसी धीरज कुमार, निगम के पूर्व वरिष्ठï उप महापौर व गौधाम के संरक्षक कृष्ण गर्ग, सहायक इंजीनियर सतीश कुमार तथा जेई रवि कुमार भी थे। गौर हो कि करीब 3 साल पहले नगर निगम की ओर से सड़कों पर भटकती गऊओं व नंदियो को पकड़कर उन्हें फूसगढ़ में रखने की व्यवस्था की गई थी। आज गौधाम में इनके लिए 7 शैड बनाए गए हैं, जिनमें 5 गऊओं के लिए और 2 चारे के लिए हैं। चारे के एक शैड का विस्तार किया जा रहा है। गऊओं की बात करें, तो वर्तमान में यहां करीब 800 गाय और बछडिय़ों संरक्षण पा रही हैं, उनके लिए चारे और पानी की भी व्यवस्था है। यूं तो गौधाम की जगह 5 एकड़ से भी अधिक है, लेकिन कुछ जगह पर कब्जे भी हैं। निगमायुक्त के अनुसार जगह की निशानदेही करवाकर उसे कब्जामुक्त करवाना है, ताकि लगातार बढ़ती गऊओं के संरक्षण के लिए पर्याप्त जगह के इंतजाम रहें। उन्होंने गऊओं के लिए बनाए गए शैड और चारे के स्टोरों को देखने के साथ-साथ यहां मौजूद ट्रैक्टर-ट्राली और चारा काटने वाली मशीन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गऊओं की देखभाल करने वालों से कहा कि आप एक पुण्य का कार्य कर रहे हैं, इस कार्य में नगर निगम भी आपके साथ हैं। इसके पश्चात निगमायुक्त ने इसके पास ही नंदीशाला का भी निरीक्षण किया। वर्तमान में यहां 300 के करीब छोटे-बड़े नंदियों को संरक्षण प्राप्त हैं। इनके लिए दो बड़े शैड और एक शैडनुमा बना कमरा तुड़ी अथवा चारे के लिए बनाया गया है। निगमायुक्त ने घूमकर नंदीशाला को देखा। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने फूसगढ़ रोड़ पर ही एक पेट्रोल पम्प के पीछे नगर निगम की जमीन पर लोगो द्वारा किए गए कब्जों को भी देखा। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी को भी कब्जा करने का अधिकार नही हैं और कहा कि इस जगह की भी निशानदेही करवाकर, इसे सख्ती के साथ कब्जामुक्त करवाएंगे।































