सड़क जाम कर प्रशासन व सरकार के खिलाफ की नारेबजी
करनाल, आशुतोष गौतम। धान की खरीद न होने से गुस्साए किसानों व आढ़तियों ने मार्किट कमेटी कार्यालय जुंडला में ताला जड़ दिया और करनाल-असंध मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रलियों से मार्ग अवरूद्व कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गस्साए किसानों ने कहा कि किसानों के खून पसीने की कमाई खुले आसमान के नीचे पडी है। सरकार द्वारा किसानों का एक एक दाना खरीदने का दावा जमीनी हकीकत से कोसों दूर लगता है। इस अवसर पर किसान नेता पाला राम मंजूरा व रोशन हथलाना ने कहा कि किसान कई दिनों से अपनी फसल बेचने के लिए खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर है। मगर सरकार की और से किसानों की फसल खरीदने वाला आज तक मंडी में नहीं आया। गुस्साए किसानों का कहना है कि खरीद कार्य शुरू होने की सूचना पर वे अपनी फसल मंडियों में तो ले आए मगर यहां पर भी किसान की धान की बेकद्री हो रही है और यहां पर किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। रोषित किसानों ने चेताते हुए कहा कि अगर उनकी इस समस्या का समाधान जल्दी नहीं किया गया तो किसान कोई बड़ा कदम उठाने से भी पीछे नहीं रहेगा। किसान प्रदीप गर्ग ने बताया कि वह करीब हफताभर पहले अपनी फसल मंडी में लेकर आया था इतने दिनों से उसे अपना घर बार छोड कर दिन रात अपनी फसल की रखवाली करनी पड़ रही है। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते आज किसान बर्बादी की कागार पर पंहुच गया है। सरकार को अपना अडियल रवैया त्याग कर किसानों के हितों की सुध लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान खतरों में रहकर अन्न पैदा करता है और इस देश का पेट भरने का काम करता है मगर सरकार इस अन्नदाता के साथ अन्याय कर रही है। मौके पर पंहुचे प्रशासनिक अधिकारी नायब तहसीलदार राम कुमार, मंडी सचिव औम प्रकाश, सदर थाना प्रभारी एसएचओ बलजीत सिंह, जुंडला चौकी प्रभारी सुखपाल ने किसानों को समझाकर जाम खोलने की अपील की मगर किसानों ने लिखित अश्वासन की बात कह कर जाम खोलने से साफ इंकार कर दिया। गुस्साए किसानों ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है और उनके फोनों पर 2-3 क्विंटल धान मंडी में लेकर आने के मैसेज डाल रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसान मैसेज के हिसाब से अपनी फसल लेकर आएगा तो उसकी बाकी बची फसल का क्या होगा और उसकी खरीददारी कौण करेगा। मंडी एसोसिएशन के प्रधान लाला राम गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासनिक अधिकारी राम कुमार ने आढ़ती व किसानों से अपनी समस्या का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम देने की बात कही। किसानों व आढ़तियों द्वारा सहमति जताते हुए अधिकारी राम कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया और ज्ञापन के बाद जाम खोल दिया गया। जाम की स्थिति के चलते वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वाहनों को लिंक रोड़ से निकाला ताकि वाहन चालक परेशानी से बच सके। इस मौके पर किसान फूल सिंह प्यौंत, जोगिन्द्र सिंह, करेशन रोड, रोशन हथलाना, चमन दादूपुर, सुभाष हथलाना, राजेश जाणी, सुभाष रमन ने भी अपनी बात रखी।
































