सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेसी नेताओं को लिया आड़े हाथों
( Una) छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष एवं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि अराजकता व अनैतिकता कांग्रेस पार्टी के डीएनए में है। इसी का प्रदर्शन कांग्रेसी नेताओं ने आज राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय के साथ अभद्रता कर दिया है। सत्ती ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में आज दिन तक कभी नहीं हुआ कि राज्यपाल जैसे सम्मानीय पद पर विराजमान किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की अभद्रता की गई हो। लेकिन कांग्रेसी नेताओं ने सभी सीमाएं लांघ कर राज्यपाल का रास्ता रोका और उनके साथ अभद्रता की। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है तथा सही समय पर इसका सबक कांग्रेसी नेताओं को सिखाएगी। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की देश में क्या स्थिति है, यह बात किसी से छुपी नहीं है। पूरे देश में मतदाता देश की सबसे पुरानी पार्टी को नकार रहे हैं। कांग्रेस की नेतृत्व क्षमता पर उन्हीं की पार्टी के नेता प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं। हिमाचल में हुए पंचायत चुनावों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की दुर्गति हुई है और यही हाल कांग्रेस का आने वाले विधानसभा चुनावों में होने वाला है। सतपाल सत्ती ने कहा कि भाजपा मिशन रिपीट को हासिल करेगी और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार फिर सत्तासीन होगी।
-0-
































