कुटलैहड़ की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विधायक हेल्पलाइन शुरू, फोन पर पहुंचेगी शिकायत
बीएचटी न्यूज,बंगाणा – कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जनता की सुविधा और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता विवेक शर्मा ने एक नई पहल करते हुए विधायक हेल्पलाइन नंबर 82190 ,40054 शुरू किया है। खास बात यह है कि इस हेल्पलाइन की शुरुआत विधायक विवेक शर्मा ने दीपावली के शुभ अवसर पर की, ताकि क्षेत्र की जनता को त्योहार के मौके पर एक नई सुविधा की सौगात मिल सके। इस हेल्पलाइन के माध्यम से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपनी समस्या विधायक कार्यालय तक पहुंचा सकेगा। कुटलैहड़ कांग्रेस कार्यालय जोगी पंगा में इसके लिए कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो प्रतिदिन जनता के फोन सुनेंगे और उनकी समस्याओं को दर्ज करेंगे। इसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं का समाधान करवाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। कुटलैहड़ के जोगी पंगा कार्यालय में बैठे कर्मचारी सुनेंगे जनसमस्याएं,विधायक हेल्पलाइन शुरू करने का मुख्य उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। क्षेत्र में कई बार लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में हेल्पलाइन के माध्यम से लोग घर बैठे अपनी समस्या विधायक कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे। जोगी पंगा स्थित कांग्रेस कार्यालय में तैनात कर्मचारी जनता की शिकायतों को सुनकर उनका विवरण दर्ज करेंगे। इसके बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।




























