सैनिकों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, ठाकुर अजमेर सिंह ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी हमीरपुर में भाजपा की जोरदार रैली, भारी संख्या में पूर्व सैनिकों ने लिया भाग
बीएचटी न्यूज,हमीरपुर, 23 नवंबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा भारतीय सेना को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में सोमवार को हमीरपुर में भाजपा ने जोरदार रैली निकालकर प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने मंत्री से भारतीय सेना के समक्ष सार्वजनिक माफी मांगने और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा के समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया ने की, जबकि अगुवाई भाजपा शहरी निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ठाकुर अजमेर सिंह ने की।पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भारतीय सेना देश की आन, बान और शान है। वीरभूमि हिमाचल के हजारों जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। ऐसे में विधानसभा जैसे गरिमामय मंच पर सेना के प्रति अमर्यादित बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्री जगत सिंह नेगी को अपनी टिप्पणी की जिम्मेदारी लेते हुए सेना से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।ठाकुर अजमेर सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सैनिकों के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक पद राष्ट्र और सेना की गरिमा से बड़ा नहीं हो सकता।भाजपा सैनिक एवं पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी कमांडर अभिषेक पटियाल ने कहा कि सेना के संवेदनशील विषयों पर जनप्रतिनिधियों को मर्यादा और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है।भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मंत्री सार्वजनिक माफी नहीं मांगते और इस्तीफा नहीं देते तो प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेना का सम्मान राजनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान का विषय है। रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ला, जिला अध्यक्ष शुभम पठानिया, महामंत्री अजय रिंटू शर्मा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में भारी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर सेना के सम्मान के प्रति एकजुटता दिखाई।




























