कुटलैहड़ के तनोह में सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर शिरकत करके विजेता रही तनोह तथा उपविजेता दयाडा की टीम को राजेंद्र ठाकुर ने किया सम्मानित
बीएचटी न्यूज,बंगाणा – हिमाचल प्रदेश की हर पंचायत और हर गांव से युवाओं को खेलों के साथ जोड़कर उनका भविष्य संवारना हमारा लक्ष्य है, ताकि युवा चिट्टे जैसे घातक नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं। खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनके जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना पैदा करते हैं। यह बात हिमाचल भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक, हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष, प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं युवा नेता राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तनोह में सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बनी तनोह क्रिकेट टीम और उपविजेता रही दयाडा क्रिकेट टीम को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया। वहीं, प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आयोजन कमेटी को 11 हजार रुपये की नकद राशि भी भेंट की। उन्होंने आयोजन कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना सराहनीय पहल है। इससे गांवों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। युवा नेता राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। युवाओं में प्रतिभा, जोश और कुछ कर गुजरने का जज्बा है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और बेहतर मंच उपलब्ध करवाने की है।




























