जिला कांग्रेस प्रधान ने कहा कि रिश्वत कांड से भाजपा की कलई खुली
जसवाल ( ऊना ) भाजपा नेता की छत्रछाया में हरोली में खनन माफिया दन- दना रहा है वही भ्रष्टाचारी प्रदेश की छवि को धूमिल करने में लगे हुए हैं। यह बात जिला कांग्रेस प्रधान राणा रंजीत सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि रिश्वत कांड से भाजपा की कलई खुल गई है क्योंकि भाजपा राज में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। हाल ही में कांग्रेस द्वारा ऊना मुख्यालय में प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार तथा बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था और और जिस प्रकार से हरोली विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हुआ है उससे कांग्रेस के दावे को भी मजबूती मिल रही है कि भाजपा नेताओं की छत्रछाया में भ्रष्टाचार फल फूल रहा है। उन्होंने कहा कथित भ्रष्टाचार के मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी से भाजपा नेता व पूर्व मंत्री को हाथ धोना पड़ा है। उन्होंने कहा कि विजिलेंस ऊना की टीम ने रिश्वत मांगने सम्बन्धित एक शिकायत पर कार्यवाही करते हुए ग्राम पंचायत इसपुर तहसील हरोली के पंचायत सेक्टरी को 12000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है जो कि पंचायत सचिव की युनियन का प्रदेश अध्यक्ष है वही हरोली भाजपा नेता का खासम खास भी बताया जा रहा है। इस मामले में इसपुर में ईंटो के डीलर का कारोबार करने हेतु लाइसेंस के लिए पंचायत से NOC की आवश्यकता के लिए 15-20 दिन पहले NOC के लिए एप्लिकेशन लिख कर पंचायत सचिव ईसपुर को दी थी । लेकिन वह noc के लिए टालमटोल करता रहा फिर अंत में उसने noc देने कि एवज में 12000/- रुपए की मांग की और आरोपी को घालुवाल के नजदीक 12000/- रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया और यह घटना शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि हरोली में माफिया राज का बोलबाला है और स्वां नदी का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। इतिहास में पहली बार हुआ है कि अवैध खनन की जांच के लिए एनजीटी की टीम ऊना में आई हो।