मंत्री वीरेंद्र कंवर से मिला गौ सदन संचालकों का प्रतिनिधिमंडल
जसवाल , ऊना (19 सितंबर)- ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर से गौ सदन संचालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज थाना कलां में मुलाकात की। इस अवसर पर कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गौ सदन को बिजली घरेलू दरों पर उपलब्ध करवाने का फैसला किया है और इस बारे में अधिसूचना भी जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि पहले कुछ गौशालाओं को व्यावसायिक दरों पर तो कुछ को घरेलू दरों पर बिजली मिल रही थी। सरकार ने इस अनियमितता को दूर कर दिया है और अब सभी को घरेलू दरों पर बिजली दी जाएगी।
प्रदेश भर से आए गौ सदन संचालकों ने अपनी समस्याओं के बारे में ग्रामीण विकास मंत्री को विस्तार से बताया, जिन पर वीरेंद्र कंवर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री कंवर ने कहा कि गौ सदन चलाने वालों को पेश आ रही समस्याओं से प्रदेश सरकार अच्छी तरह से परिचित है और उन्हें दूर करने का हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोसाइटी के माध्यम से गौ शालाएं चलाने वालों की सहायता की जा रही है। सोसाइटी को बिल प्रस्तुत करने पर गौ रक्षा राशि के माध्यम से चारे के लिए 50 प्रतिशत आर्थिक मदद प्रदेश सरकार की ओर से प्रदान की जा रही है। सोसाइटी में पांच सदस्य होने चाहिए, जिनमें से दो का सरकारी सदस्य होना आवश्यक है।
मंत्री से मिला ग्राम पंचायत झंबर का प्रतिनिधिमंडल
झंबर ग्राम पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल भी ग्रामीण विकास मंत्री से मिला और पंचायत में खड्ड की चैनलाइजेशन की मांग की। गांव वासियों ने वीरेंद्र कंवर को बताया कि बरसात में पानी उनके घर व खेतों में घुस आया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में खड्ड का चैनलाइजेशन अति आवश्यक है। मंत्री ने उन्हें बताया कि फ्लड कंट्रोल विभाग के अधिकारियों को झंबर भेजा गया था और जल्द ही चैनलाइजेशन का काम शुरु किया जाएगा। इस पर गांव वासियों ने वीरेंद्र कंवर व प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया।






























