डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में छात्रों ने आत्मविश्वास भाषा कौशल त्वरित चिंतन प्रभावी अभिव्यक्ति की उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया
बीएचटी न्यूज, ऊना: डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना में विद्यार्थियों की सर्वांगीण विकास एवं व्यक्तित्व निखार के उद्देश्य से कक्षा पांचवी से 12वीं के छात्रों के लिए अंतर सदनीय गतिविधियों का आयोजन किया गया। विदित हो कि अंतर सदनीय गतिविधियों के अंतर्गत कक्षा पांचवी से सातवीं के लिए ‘शब्द विन्यास प्रतियोगिता’, आठवीं से दसवीं के लिए ‘विज्ञापन प्रस्तुति प्रतियोगिता’ व कक्षा ग्यारहवीं ,बारहवीं के लिए ‘एक मिनट वक्तव्य प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्रों ने आत्मविश्वास ,भाषा कौशल, त्वरित चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति की उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया। छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय प्रबंधक कमेटी के उपप्रधान बलविंदर सिंह,प्राचार्य आर.एल पाठक सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी पूनम खन्ना , बबीता जोशी ने विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। स्थानीय कमेटी के उपप्रधान बलविंदर सिंह ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि छात्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, उजागर करने के लिए गतिविधियां ही एक सशक्त माध्यम है। शब्द विन्यास प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका बिंदु वाली, विज्ञापन प्रतियोगिता में दीपशिखा व एक मिनट वक्तव्य प्रतियोगिता में रेनू ठाकुर ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेताओं का चयन किया। विजेता घोषित हुए छात्रों में शब्द विन्यास प्रतियोगिता में इनाया प्रथम, आरव सिंह हीर द्वितीय, ज्योत्सना शर्मा तृतीय स्थान पर रही।
विज्ञापन प्रतियोगिता में वंश प्रथम ,काव्या द्वितीय, रिदम व समर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। एक मिनट वक्तव्य प्रतियोगिता में राधिका प्रथम ,मृणाल द्वितीय ,नंदिनी तृतीय स्थान पर रही। प्राचार्य आर.एल पाठक ने अपने वक्तव्य में कहा कि अंतर सदनीय गतिविधियां छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि सह पाठयक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। श्री पाठक ने सभी छात्रों को प्रेरणादायक व ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।































