श्रावण मास के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों को मिलेगा विशेषज्ञ चिकित्सकों का लाभ, ईसीजी, शुगर, बीपी, बीएमआई जांच व दवाइयां भी रहेंगी नि:शुल्क
डॉ रणधीर जसवाल, ऊना। एल्विस हॉस्पिटल ऊना की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आगामी 27 जुलाई को जिला ऊना के ऐतिहासिक सदाशिव मंदिर धयूंसर महादेव परिसर में एक विशाल नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर आयोजित करेगी। इस शिविर के आयोजन को लेकर मंदिर के ट्रस्टियों एवं सदाशिव मंदिर धयूंसर महादेव चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन प्रवीण शर्मा ने स्वीकृति प्रदान करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी हैं।सोमवार को एल्विस हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. विवेक शर्मा, बिजनेस डायरेक्टर विशाल भल्ला तथा गौरव शर्मा की टीम ऐतिहासिक धार्मिक स्थल सदाशिव मंदिर धयूंसर महादेव पहुंची। यहां भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और चेयरमैन प्रवीण शर्मा से मुलाकात कर श्रद्धालुओं एवं आसपास के ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। ट्रस्ट ने इस सामाजिक पहल का स्वागत करते हुए तुरंत अपनी सहमति प्रदान की।यह स्वास्थ्य जांच शिविर श्रावण मास के दूसरे सोमवार, 27 जुलाई, को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक मंदिर परिसर में आयोजित होगा। शिविर में एल्विस हॉस्पिटल के हड्डी रोग, सामान्य चिकित्सा एवं हृदय रोग विशेषज्ञ मरीजों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच करेंगे।शिविर के दौरान ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर (बीपी) और बीएमआई जांच की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा।सदाशिव मंदिर धयूंसर महादेव चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन प्रवीण शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार के सदस्यों को भी स्वास्थ्य जांच के लिए अवश्य लेकर आएं।





























