घर पर रहें, सुरक्षित रहें
कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए अपनाएं सावधानियां
जसवाल, ऊना (19 मार्च)- हिमाचल प्रदेश सरकार कोरोना वायरस को लेकर लोगों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दे रही हैं, क्योंकि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोककर ही इसे काबू में किया जा सकता है। इसके लक्षणों को पहचानकर कोरोना वायरस की बेहतर तरीके से रोकथाम की जा सकती है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से मरीज को जुकाम से लेकर सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या हो सकती है क्योंकि इसके लक्षण फ्लू से मिलते-जुलते हैं। संक्रमण से बुखार, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना और गले में खराश जैसी समस्या उत्पन्न होती हैं। कोरोना से विशेष तौर पर 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग और जिन्हें पहले से अस्थमा, डायबिटीज़ और हार्ट की बीमारी है, खतरा अधिक है।
ऐसे करें कोरोना से बचाव- स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस से बचने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनपर अमल कर इस बीमारी से बचा जा सकता है। व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। सभी को हाथों को साबुन से अच्छी तरह से धोना चाहिए। अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। खांसते और छींकते समय नाक और मुंह रूमाल या टिशू पेपर से ढककर रखें। जिन व्यक्तियों में सर्दी और फ्लू के लक्षण हों उनसे कम से कम एक मीटर की दूरी बनाकर रखें। अनावश्यक यात्रा करने से बचें तथा किसी भी भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाने से परहेज करें।
कोरोना के लक्षणों की तुरंत दें सूचना- उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने कहा कि किसी भी व्यक्ति में कोरोना वायरस के लक्षण मिलने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर सूचना दें। केंद्र सरकार ने 24 घंटे चलने वाला कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। फोन नंबर 011-23978046 के माध्यम से कंट्रोल रूम में संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा ncov2019@gmail.com पर मेलकर के भी कोरोना वायरस के लक्षणों या किसी भी तरह की आशंकाओं के बारे में जानकारी ली जा सकती है। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान छेड़ा गया है और जागरूकता से ही कोरोना के संक्रमण को फैलने से बचा जा सकता है।































