संघ के जिला प्रधान प्रिंस राजपूत ने कहा ग्रीष्मकालीन अवकाश -24 से 28 जून तक बंद रहेंगी दुकानें BHT news , ऊना: अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ, जिला ऊना इकाई ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। संघ द्वारा जारी सूचना के अनुसार जिले भर के स्वर्णकार व्यवसायी 24 जून से 28 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान जिले के आभूषण एवं स्वर्णकार से संबंधित दुकानें बंद रहेंगी। संघ के जिला प्रधान प्रिंस राजपूत, उपप्रधान श्याम हांडा तथा महासचिव रजत कोहली ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अवकाश के दौरान स्वर्णकार वर्ग को पारिवारिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए समय मिलेगा, वहीं कारोबारी भी अपने स्वास्थ्य और आराम का ध्यान रख सकेंगे। उन्होंने जिले के सभी स्वर्णकार व्यवसायियों से निर्धारित अवकाश का पालन करने का आग्रह किया है। साथ ही ग्राहकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि जिन लोगों को विवाह, धार्मिक आयोजनों अथवा अन्य विशेष अवसरों के लिए आभूषणों की खरीदारी या मरम्मत करवानी है, वे अपने कार्य समय रहते निपटा लें, ताकि अवकाश अवधि के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रिंस राजपूत ने कहा कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत ग्रीष्मकालीन अवकाश का आयोजन किया जाता है, जिससे व्यवसाय से जुड़े लोगों को कुछ समय विश्राम का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि 29 जून से सभी दुकानें पुन: सामान्य रूप से खुल जाएंगी और कारोबार पूर्व की भांति संचालित होगा।




























