बोले—किसान की मेहनत का पैसा रोकना सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण, घोषणाओं से नहीं जमीन पर भुगतान से तय होती है किसान हितैषी सरकार
बीएचटी न्यूज, ऊना। पूर्व कृषि मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने किसानों से खरीदे गए गेहूं के बीज की लंबित राशि को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार के पास किसानों से खरीदे गए बीज का पैसा समय पर लौटाने तक की व्यवस्था नहीं है, वह किस आधार पर खुद को किसान हितैषी सरकार बता रही है।कंवर ने कहा कि ऊना जिला के किसानों से कृषि विभाग ने गेहूं का बीज खरीदा, लेकिन कई किसानों को अभी तक उनकी मेहनत की पूरी कीमत नहीं मिली है। किसान अपनी जमीन, मेहनत, खाद, बीज, डीजल और अन्य संसाधनों पर पैसा लगाकर फसल तैयार करता है। ऐसे में सरकार द्वारा फसल खरीद लेने के बाद भुगतान रोक देना किसानों की आर्थिक परेशानियों को और बढ़ाने वाला कदम है।उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसका भुगतान कोई सरकारी एहसान नहीं, बल्कि उसकी मेहनत की कमाई है। सरकार को यह समझना होगा कि किसान के खाते में समय पर पैसा पहुंचना ही वास्तविक किसान सम्मान है। कागजों पर घोषणाएं और मंचों से बड़े-बड़े दावे करने से किसानों की समस्याएं दूर नहीं होंगी।
कंवर ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादों को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले किसानों के साथ बड़े-बड़े वादे किए गए। दो रुपये किलो गोबर और 100 रुपये लीटर दूध खरीदने जैसे वादों के जरिए किसानों को उम्मीदें दिखाई गईं, लेकिन सत्ता में आने के बाद किसानों के वास्तविक मुद्दे सरकार की प्राथमिकता से बाहर होते दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि बीज, ट्रैक्टर, कृषि उपकरणों और कृषि दवाइयों पर मिलने वाली सब्सिडी को लेकर भी किसान समयबद्ध लाभ के लिए परेशान हैं। गेहूं और मक्की के बीज पर सब्सिडी सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े कई मामलों में किसानों को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। दूसरी ओर सरकार किसान हितैषी होने के दावे कर रही है।कंवर ने कहा कि सरकार के दावों और खेत में खड़े किसान की वास्तविक स्थिति के बीच जमीन-आसमान का अंतर दिखाई दे रहा है। किसान को भाषण नहीं, उसकी फसल का समय पर भुगतान और कृषि लागत में राहत चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि किसानों से खरीदे गए गेहूं के बीज की सभी लंबित देनदारियों का तत्काल भुगतान किया जाए तथा कृषि संबंधी सब्सिडी को भी बिना अनावश्यक देरी के किसानों तक पहुंचाया जाए।कंवर ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के बकाया भुगतान को लेकर सरकार ने शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया तो भाजपा किसानों की आवाज को मजबूती से उठाएगी और किसानों के हक के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी।



























