वशिष्ट पब्लिक स्कूल के आरव चौधरी ने जीता हिमाचल के बेस्ट एथलीट का अवार्ड
बीएचटी न्यूज, ऊना:हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वाधान में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता जिला बिलासपुर में संपन्न हुई। जिसमें वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र आरव चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय अंडर-14 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 मीटर रेस में गोल्ड मेडल , रिले रेस में गोल्ड मेडल और 200 मीटर रेस में सिल्वर मेडल हासिल किया। इस प्रतियोगिता में आरव चौधरी को बेस्ट एथलीट से सम्मानित किया गया। आरव ने 100 मीटर की रेस 12.19 सेकंड में पूरी की जो कि हिमाचल प्रदेश का बेस्ट रिकॉर्ड है, पिछले वर्ष भी हिमाचल प्रदेश का जो बेस्ट रिकॉर्ड था वह भी आरव चौधरी का ही था और इस साल उसने अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। आरव चौधरी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उसका चयन आगामी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है जो कि आगामी दिनों में रत्नागिरी महाराष्ट्र में संपन्न होगी। यह उपलब्धि विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे ऊना जिला के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने आरव चौधरी तथा उसके अभिभावकों को इस शानदार सफलता पर बधाई दी। स्कूल के चेयरमैन सतपाल वशिष्ट ने आरव चौधरी के उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।






























