42 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार जीत दर्ज कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित; विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई डॉ रणधीर जसवाल,ऊना। स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऊना की छात्रा बारिका ने धमांदरी में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेल प्रतियोगिता की कुश्ती स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बारिका ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और दमदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बारिका का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उसकी इस उपलब्धि से स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बारिका को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।विद्यालय के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने बारिका को स्वर्ण पदक जीतने और राज्य स्तर के लिए चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बारिका की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।धीरज शर्मा ने बारिका की सफलता में विद्यालय की खेल शिक्षिकाओं संजू कुमारी, आंचल और रेणुका के मार्गदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की निरंतर मेहनत के साथ प्रशिक्षकों का समर्पित मार्गदर्शन उसकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित बारिका को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आगामी प्रतियोगिता में भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए विद्यालय और ऊना जिले का नाम रोशन करेगी।































