2026 में NDPS एक्ट के तहत 90 मामले दर्ज, 152 आरोपी गिरफ्तार; सात PIT-NDPS प्रस्ताव भी सरकार ने किए स्वीकार
डॉ. रणधीर जसवाल, ऊना: जिला पुलिस ऊना ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उनके अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कस दिया है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने चार NDPS मामलों में कुल 2,25,74,339 रुपये की संपत्तियां फ्रीज कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करना और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कानूनी शिकंजा कसना है।पुलिस थाना अम्ब के तहत दिसंबर 2025 में आरोपी अंकुश पराशर उर्फ अंकु के कब्जे से 2,330 ट्रामाडोल टैबलेट (233 ग्राम) और 24,34,540 रुपये नकद बरामद किए गए थे। मामले की वित्तीय जांच में आरोपी, उसके पिता और पांच अन्य सगे रिश्तेदारों की संपत्तियों, बैंक खातों एवं एफडी सहित कुल 68,71,961 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।वहीं, पुलिस थाना सदर ऊना में दर्ज अभियोग संख्या 148/26 में आरोपी बलविंदर कुमार और उसकी पत्नी के नाम पर फ्रीज की गई 19.21 लाख रुपये की संपत्ति में से 16 लाख रुपये की संपत्ति को सक्षम प्राधिकारी ने जब्त करने की पुष्टि कर दी है।पुलिस के अनुसार, पूर्व में भेजे गए तीन मामलों में 1,57,02,432 रुपये की संपत्तियों में से 1,01,77,012 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश सक्षम प्राधिकारी द्वारा कन्फर्म किए जा चुके हैं।
90 मामले दर्ज, 152 नशा तस्कर गिरफ्तार – नशे के खिलाफ कार्रवाई का ब्यौरा देते हुए पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक NDPS एक्ट के तहत 90 मामले दर्ज कर 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 1.663 किलोग्राम हेरोइन, 494.114 किलोग्राम भुक्की, 6.163 किलोग्राम चरस, 9.09 किलोग्राम गांजा, 196 ग्राम अफीम और 9,73,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
नशे की सप्लाई चेन तोड़ने पर विशेष फोकस – जिला पुलिस नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच पर भी विशेष ध्यान दे रही है। हेरोइन के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भेजे गए सात PIT-NDPS प्रस्ताव हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वीकार कर लिए हैं। इसके परिणामस्वरूप संबंधित व्यक्तियों को तीन माह के लिए निरुद्ध किया गया है।एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने पत्रकारों से कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ गिरफ्तारी और बरामदगी तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की वित्तीय जांच कर उन्हें फ्रीज और जब्त करने की प्रक्रिया भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का लक्ष्य नशा तस्करी के पूरे आर्थिक तंत्र पर प्रहार कर नशे के अवैध कारोबार की कमर तोड़ना और नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प को साकार करना है।



























