भाजपा नेताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया गौ माता का आशीर्वाद, भंडारे का भी हुआ आयोजन
बीएचटी न्यूज,हमीरपुर। ठाकुर द्वारा गौशाला जामली धाम में गौ अष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गौशाला पहुंचकर विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक आयोजन के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम में भाजपा शहरी निकाय के प्रदेश संयोजक अजमेर ठाकुर, प्रदेश सह संयोजक दिनेश ठाकुर, रणधीर ठाकुर तथा भाजपा मंडल हमीरपुर के सह संयोजक एवं जिला आईटी सेल से जुड़े अनूप ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। सभी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर गौ माता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया।इस अवसर पर भाजपा शहरी निकाय के प्रदेश संयोजक अजमेर ठाकुर ने कहा कि गौ अष्टमी के पावन अवसर पर गौ माता की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जामली धाम में प्रतिवर्ष गौ अष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गौ माता की सेवा, पूजा-अर्चना और आराधना करते हैं।उन्होंने कहा कि गौ अष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि गौ माता के प्रति हमारी आस्था, सम्मान और सेवा भाव को प्रकट करने का विशेष अवसर है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान अत्यंत पूजनीय है और उनकी सेवा एवं संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।




























