ठाकुर अजमेर सिंह व कमांडर अभिषेक पटियाला बोले- भारतीय सेना के पराक्रम पर सवाल उठाना करोड़ों देशवासियों और पूर्व सैनिकों की भावनाओं को आहत करने वाला
बीएचटी न्यूज,हमीरपुर। भाजपा शहरी निकाय प्रदेश संयोजक ठाकुर अजमेर सिंह और भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश संयोजक कमांडर अभिषेक पटियाला ने विधानसभा में प्रदेश के बागवानी मंत्री द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी— “पाकिस्तान के नहीं, भारत के छक्के छूटे हैं” पर कड़ी असहमति जताते हुए गहरी निराशा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और भारतीय सेना के शौर्य से जुड़े संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों और राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।दोनों नेताओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, सैन्य क्षमता, पेशेवर दक्षता और सटीक रणनीति का महत्वपूर्ण उदाहरण है। 7 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक सैन्य कार्रवाई की थी।उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम का एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि 10 मई 2025 को पाकिस्तान के डीजीएमओ ने स्वयं भारत के डीजीएमओ से संपर्क कर सैन्य कार्रवाई और गोलीबारी रोकने का अनुरोध किया था। भारत सरकार ने भी संसद में इस घटनाक्रम की पुष्टि की है। ऐसे तथ्यों के बावजूद ऑपरेशन सिंदूर को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना भारतीय सैन्य कार्रवाई के संदर्भ में गंभीर सवाल खड़े करता है।अजमेर सिंह और कमांडर अभिषेक पटियाला ने कहा कि भारतीय सेना का गौरव किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सम्मान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। देश के सैनिक अपने प्राणों की परवाह किए बिना सीमाओं की रक्षा करते हैं। पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के लिए समर्पित किए हैं। ऐसे में सेना के शौर्य और उसके अभियानों को लेकर की गई गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां पूर्व सैनिकों सहित देशभक्त नागरिकों की भावनाओं को आहत करती हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के प्रति नहीं, बल्कि सार्वजनिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधियों की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर की जाने वाली गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी के प्रति है। जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सेना से जुड़े विषयों पर प्रमाणिक तथ्यों, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखें।अंत में दोनों नेताओं ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य, बलिदान और पराक्रम देश का गौरव है। सेना के सम्मान से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और राष्ट्रीय सुरक्षा के विषयों को संकीर्ण राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए।




























