मुख्यमंत्री ने मंगल कॉलोनी और दुर्गा कॉलोनी में जनसभाओं को किया संबोधित
विपक्ष पर साधा निशाना, कहा : सोनिया गांधी आतंकी की मौत पर आंसू बहाती हैं
करनाल, आशुतोष गौतम (11 अक्तूबर) भाजपा सरकार मूलभूत सुविधाओं के लिए कृतसंकल्प है। हर जनमानस को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। यह बात मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने शुक्रवार को मंगल कॉलोनी और दुर्गा कॉलोनी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वे हमेशा आतंकवादियों के लिए नरम रुख रखती हैं। खट्टर ने कहा कि सोनिया गांधी आतंकवादियों के लिए आंसू बहाती हैं। आतंकवादियों का शव दिख जाए तो उन्हें रोना आता है। मनोहर लाल खट्टर ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी आतंकवादियों के प्रति नरम रुख रखती हैं, इसलिए तो उन्हें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का दुख है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कॉलोनियों को अभी तक वैध नहीं किया गया है वहां अमरूत योजना के तहत काम शुरू हो गए हैं। कुछ दिन में अब यहां पर सीवरेज, बिजली, सड़क सहित लोगों को सभी सुख सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर मिलेंगी। बसंत बिहार कॉलोनी शहर की बड़ी कॉलोनी हैं। इसमें करीब छह हजार आबादी रहती है, यहां रिकॉर्ड काम हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे पिछले चुनाव में वसंत विहार स्थित टीकरी कैलाश रोड, लोदा गांधी स्थित नजदीक अल्फा शहर कैलाश, पुराना प्रीतम पुरा कॉलोनी स्थित नजदीक बुधाखेड़ा ड्रेन, कृष्णा कॉम्पलेक्स स्थित सामने आरके पुरम कॉलोनी, एलआईसी कॉलोनी जीवन विहार पार्ट टू स्थित कुंजुपरा रोड, पालम कॉलोनी स्थित कैलाश गांव रोड, एसपी कॉलोनी नजदीक फूसगढ़ रोड, डीसी कॉलोनी स्थित नजदीक फुसगढ़ रोड, बैंक कॉलोनी स्थित नजदीक फूसगढ़ रोड, पुरानी दुर्गा कॉलोनी स्थित नजदीक फूसगढ़, दुर्गा कॉलोनी स्थित नजदीक फूसगढ़, नरेंद्र कॉलोनी स्थित नजदीक फूसगढ़, उत्तम नगर स्थित नजदीक दुर्गा कॉलोनी, सरस्वती विहार कॉलोनी स्थित नजदीक फूसगढ़, एमसी कॉलोनी स्थित नजदीक मेरठ रोड, अशोक विहार स्थित सामने पुलिस कॉम्पलैक्स मधुबन, इंद्रा कॉलोनी स्थित नजदीक झांझरी, लव कुश कॉलोनी स्थित नजदीक गोगड़ीपुर फाटक रोड, संजय कॉलोनी स्थित नजदीक उचाना, हकीकत नगर स्थित नजदीक गोगड़ीपुर, पालनगर कॉलोनी स्थित नजदीक करनाल रोड, पाल नगर कॉलोनी पार्ट वन स्थित नजदीक करनाल बस स्टैंड, सैदपुर कॉलोनी स्थित नजदीक काछवा रोड पर गए थे तो यहां के हालात दयनीय थे, अब यहां की स्थिति सबके सामने है। उन्होंने कहा कि बचे हुए कार्य इस कार्यकाल में पूरे किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने जनसमूह से अधिक मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान अति आवश्यक है। हर मतदाता को मतदान करना है। मंगल कॉलोनी में पूर्व पार्षद सतीश और पार्षद युद्धवीर सैनी व दुर्गा कॉलोनी में राजेंद्र राणा द्वारा आयोजित समारोह में उमड़े भारी जनसमर्थन से मुख्यमंत्री गदगद नजर आए। इस मौके पर जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अमरेंद्र सिंह, मेयर रेणु बाला गुप्ता, पूर्व मंत्री जयप्रकाश गुप्ता, शुगरफेड के पूर्व चेयरमेन चन्द्रप्रकाश कथूरिया, शमशेर नैन, सतीश राणा, जिला महामंत्री योगेंद्र राणा, केश कला बोर्ड के चेयरमैन यशपाल ठाकुर, निर्मल बैरागी आदि मौजूद रहे।
कंवल भसीन ने कांग्रेस छोड़ थामा बीजेपी का दामन
वरिष्ठ कांग्रेस नेता कंवल भसीन ने मंगल कॉलोनी में आयोजित जनसभा में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने उन्हें ज्वाइन कराया। कंवल भसीन लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े थे। वे कई बार पार्षद रहे और नगरपालिका के उपाध्यक्ष भी रहे।































