बेस्ट स्कूल इन द डे स्कूल कैटेगरी’ का प्रतिष्ठित सम्मान लगातार दूसरी बार हासिल, हिमाचल की शिक्षा जगत में बढ़ाया मान
डॉ रणधीर जसवाल, ऊना: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना ने राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय को प्रतिष्ठित ‘बेस्ट स्कूल इन द डे स्कूल कैटेगरी’ के राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। खास बात यह है कि विद्यालय ने यह प्रतिष्ठित सम्मान लगातार दूसरी बार हासिल कर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का एक बार फिर लोहा मनवाया है।यह सम्मान एजुकेशन टुडे, इंडिया टुडे समूह से संबद्ध संस्था, द्वारा प्रदान किया गया। विद्यालय का चयन हिमाचल प्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालयों के बीच कई महीनों तक चली विस्तृत शोध, सर्वेक्षण और मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद किया गया। विभिन्न शैक्षणिक मानकों पर विद्यालय के प्रदर्शन, शिक्षा की गुणवत्ता, नवीन शिक्षण पद्धतियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण का आकलन करने के बाद वशिष्ट पब्लिक स्कूल को इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया।गुरुग्राम में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में विद्यालय की ओर से चेयरमैन श्री सतपाल वशिष्ट एवं श्री महेंद्र वशिष्ट ने यह प्रतिष्ठित सम्मान ग्रहण किया। राष्ट्रीय मंच पर ऊना के विद्यालय को मिले इस सम्मान ने न केवल वशिष्ट पब्लिक स्कूल बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है।लगातार दूसरी बार सम्मान, उत्कृष्टता की मुहरवशिष्ट पब्लिक स्कूल की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सम्मान को लगातार दूसरी बार हासिल करना विद्यालय की निरंतर शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रमाण है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जीवन-मूल्यों का विकास करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।विद्यालय की यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण तकनीकों, विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।सामूहिक मेहनत का परिणाम है उपलब्धि : सतपाल वशिष्टविद्यालय के चेयरमैन श्री सतपाल वशिष्ट ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दूसरी बार मिला यह सम्मान पूरे विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यालय के दूरदर्शी प्रबंधन, समर्पित शिक्षकों, मेहनती विद्यार्थियों और अभिभावकों के विश्वास एवं सहयोग की सामूहिक सफलता है।उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन का निरंतर प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाया जाए, जहां वे न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें, बल्कि अपनी छिपी प्रतिभाओं को भी पहचानकर उन्हें विकसित कर सकें। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य को हार्दिक बधाई दी।सतपाल वशिष्ट ने कहा कि यह सम्मान हमारे लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि आने वाले समय में शिक्षा की गुणवत्ता को और ऊंचे स्तर तक ले जाने की जिम्मेदारी और प्रेरणा भी है। विद्यालय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी बहुआयामी प्रतिभाओं के विकास के लिए इसी समर्पण के साथ निरंतर कार्य करता रहेगा।राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दूसरी बार मिली इस उपलब्धि ने वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना को शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय पहचान दिलाई है, जो ऊना सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।































