नेहरू पैलेस स्थित नगर सुधार मण्डल के पुराने कार्यालय में 4 दिवसीय शिविर 10 दिसम्बर से
करनाल, आशुतोष गौतम (9 दिसंबर) प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत ऋण लेकर मकान बनाने के इच्छुक नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर। कोई भी नागरिक जो अपना मकान बनाना चाहता है और उसके पास प्लॉट की रजिस्ट्री या जगह की मलकियत है, वह इस योजना की क्रेडिट लिंक सब्सिडी स्कीम के तहत आवेदन करके सस्ते ब्याज अनुदान पर ऋण प्राप्त सकता है। आवेदन लेने के लिए नगर निगम के नेहरू पैलेस स्थित पुराने नगर सुधार मण्डल के कार्यालय में 10 से 13 दिसम्बर यानि 4 दिन का शिविर लगेगा। नगरीय परियोजना अधिकारी प्रवीन चुघ ने सोमवार को इस सम्बंध में बताया कि जो आवेदनकर्ता मकान बनाने के लिए बैंको के माध्यम से ऋण लेना चाहता है, उसे पहले इस कैम्प में आकर आवेदन करना पड़ेगा। आवेदन के साथ प्लॉट या मकान की रजिस्ट्री, स्वघोषित आय प्रमाण पत्र, अप्रूव्ड बिल्डिंग मैप, आधार व राशन कार्ड की प्रति भी लगानी होगी। उन्होंने बताया कि जिस आवेदनकर्ता की आय 6 लाख तक है, उसे ऋण पर साढे 6 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। 6 लाख 1 हजार से 9 लाख आय वाले आवेदनकर्ता को 4 प्रतिशत तथा 9 लाख 1 हजार से 12 लाख तक आय वाले व्यक्ति को 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा। ऋण 20 वर्षों तक देय होगा। उन्होंने बताया कि मकान बनाने या विस्तार के लिए कितना मिलेगा, यह बैंक अधिकारी आय के आधार पर तय करेंगे। आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग के व्यक्ति नव गृह निर्माण या विस्तार केवल 30 वर्ग मीटर तक कर सकते हैं। इसी प्रकार निम्न आय वर्ग के व्यक्ति 60 वर्ग मीटर तक तथा मध्यम आय वर्ग के व्यक्ति 90 वर्ग मीटर तक मकान निर्माण या विस्तार कर सकते हैं। ऋण स्वीकृत करने के लिए शिविर में जिला में अग्रणी प्रबंधक और उनके अधिनस्थ बैंक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो आवेदन कर्ताओं के आवेदन और डॉक्यूमेंट को चैक करेंगे। उन्होंने बताया कि जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, यह योजना शहरी क्षेत्र में निवास करने वाले नागरिको के लिए है, जिसमें नगर निगम और सभी नगर पालिकाएं शामिल हैं।

































