आईईसी यूनिवर्सिटी में तृतीय दीक्षांत समारोह का आयोजन
Baddi, 28 सितंबर ( कविता गौत्तम ) अटल शिक्षा कुंज कालूझिंडा स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में सोमवार को तृतीय दीक्षांत समारोह का ऑनलाइन आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री कुलपति केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश सहित गेस्ट ऑफ ऑनर डॉ. मनप्रीत सिंह मन्ना संत लौंगोवाल अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान लौंगोवाल (पूर्व निदेशक- एआईसीटीई व आईआईएमटी स्टडीज, यू0 के0 के सलाहकार बोर्ड के सदस्य) और डॉ. आमना मिजऱ्ा, सहायक प्रोफेसर राजनीतिक अध्ययन, एसपीएम कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय, गवर्निंग बॉडी के सदस्य डॉ0 श्रीकांत शर्मा, श्री दिग्विजय चौहान सहित विशिष्ट अतिथि, डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र, पूर्व छात्र वेबकास्ट के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से इस समारोह में उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के नियमानुसार हुआ जिसमें कुलपति डॉ. अंजू सक्सेना ने बताया कि इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के स्नातक, स्नातकोत्तर, एम.फिल, पीएचडी के 440 विद्यार्थियों को डिग्री वितरित की गई। कोरोना महामारी की स्थिति के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए केवल स्वर्ण पदक विजेता व कक्षा के टॉपर्स को ही विश्वविद्याल में आमंत्रित किया गया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर (डॉ0) कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने अपने संदेश में भारतीय दीक्षांत परम्परा की प्रशंसा करते हुए सभी उपाधि-धारकों को शुभकामनाएं दी और अर्जित विद्या का उपयोग लोकहित में करने की कामना की। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ नवीन गुप्ता ने कार्यक्रम में सभी उपाधि-धारकों को बधाई दी और विश्वविद्यालय के उद्देश्य को दोहराते हुए छात्रों के पूर्ण विकास को सुनिश्चित करने के लिए सभी छात्रों को और बेहतर व आधुनिक ढंग से प्रशिक्षित करने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव विनोद कुमार ने इस दीक्षांत समारोह के आयोजन को ऑनलाइन माध्यम से सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया।
Tags: Solan






























