ऊना में पंप हाउस व्यवस्था पर घमासान, भाजपा नेताओं ने सरकार को घेरा
BHT news, ऊना: जल शक्ति विभाग के पंप हाउसों पर वाटर गार्ड की तैनाती न होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जबकि सरकार अपने चहेते ठेकेदारों को घास कटाई के नाम पर लाखों रुपये दे रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी सेवानिवृत्त प्रकोष्ठ के संयोजक एचएस गुलेरिया, ऊना मंडल संयोजक राजीव वशिष्ट, पूर्व कर्मचारी नेता यशपाल रायजादा, हरगोविंद, ठाकुर प्रकाश चंद, ठाकुर किशन चंद, कुलदीप दयाल, अजय पराशर और शिव मैहन ने कहीं। उन्होंने कहा कि जो वाटर गार्ड तैनात है, उन्हें जल शक्ति विभागों में लगाया गया है। इन्हें फील्ड में तैनात किया जाए, ताकि पानी की सप्लाई और साफ-सफाई दोनों बेहतर हो सकती हैं। यहीं नहीं फिटर तक को कार्यालयों में लगा दिया गया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने ही वादों पर खरी नहीं उतरी है। 5 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा अब तक अधूरा है, जिससे प्रदेश के युवाओं में निराशा है। साथ ही, नए रोजगार देने के बजाय पुराने अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा विस्तार दिया जा रहा है। महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी पर भी नेताओं ने सवाल उठाए। यह योजना अब सीमित वर्ग तक सिमट गई है, जिससे अन्य महिलाएं अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। इसके अलावा नेताओं ने कहा कि हाल के समय में बिजली दरों में कई बार बढ़ोतरी हुई है, जबकि सीमेंट, सरिया और पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे से आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा है। कर्मचारियों और पेंशनर्स के वित्तीय लाभ लंबित होने और मेडिकल बिल पास न होने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया। भाजपा नेताओं ने ठेकेदारों के लंबित भुगतानों पर भी चिंता जताई। लंबे समय से भुगतान न मिलने के कारण ठेकेदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए सरकार को ब्याज सहित भुगतान करना चाहिए।
































