बद्दी के 4 स्पा सैंटरों में पुलिस की दविश, देह व्यापार की आशंका; 17 युवतियां रैस्क्यू
BHT news, बीबीएन: बद्दी पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हो रही थी कि क्षेत्र में संचालित कुछ स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का अवैध धंधा चल रहा है। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और इसका पर्दाफाश हुआ। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला बद्दी के दिशा-निर्देशानुसार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा एक सुनियोजित अभियान के तहत बद्दी के दावत चौक के पास स्थित बिग बी कॉम्प्लेक्स में चल रहे निम्नलिखित चार स्पा सेंटरों 1. A One Spa Center, 2. The Gateway Saloon & Spa Center, 3. The relief Spa Center 4. Jannat saloon & Spa Center पर एक साथ छापेमारी (रेड) की गई। इस कार्रवाई के दौरान चारों स्पा सेंटरों से 17 युवतियों को रेस्क्यू किया गया है, इन सभी को विद्दित प्रक्रिया के तहत उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। उक्त सभी स्पा सेंटरों से संबंधित 6 अभियुक्तों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 व धारा 4 के अंतर्गत पुलिस थाना बद्दी में कुल 4 अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए हैं तथा मामलों में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



























