शहर में निकाला गया भव्य नगर कीर्तन, पालकी साहिब का हुआ फूलों से जोरदार स्वागत
हजारों श्रद्धालुओं हुए श्री गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष नतमस्तक,सिख युवकों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

करनाल, आशुतोष गौतम (19 अक्तूबर) श्री गुरुनानक देव जी के 550 साला प्रकाश पर्व को समर्पित अमृतसर के बानी धन-धन श्री गुरु रामदास जी के 485वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आज शहर में एक महान नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में सिख श्रद्धालु मौजूद रहे। हजारों श्रद्धालुओं ने जो बोले सो निहाल के जयकारे लगाए। नगर कीर्तन गुरुद्वारा मंजी साहिब पातशाही पहली से प्रारम्भ हुआ, जिसकी अगुवाई संत बाबा सुक्खा सिंह ने की। नगर कीर्तन में पालकी साहिब को बहुत ही सुंदर ढंग से पुष्पों से सुसज्जित किया गया था, जिसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विरामजान थे। इस दौरान हजारोंं की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया। इस नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारे कर रहे थे, जिसमें आगे-आगे महिला श्रद्धालु झाडू लगाकर साफ-सफाई करती हुई चल रही थी। सिख युवकों द्वारा पालकी साहिब के समक्ष फूलो की बरखा कर रहे थे। नगर कीर्तन का शहर के अनेक स्थानों पर पुष्पों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर दुकानदारों ने जगह-जगह प्रसाद के स्टॉल लगाए हुए थे, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़े चाव के साथ प्रसाद को ग्रहण किया। इस अवसर पर गुरमीत अखाड़ा व दशमेश अखाड़ा व बीर खालसा दल के बच्चों द्वारा हैरतअंगेज करतब दिखाए गए, जिसमें ढाल, कृपाण, बरछा, नेजा, आंखों पर पट्टी बांधकर केला काटना और कृपाण की नोंक से सुरमा डालना शामिल रहे। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा मंजी साहिब पातशाही पहली से आरंभ होकर करण गेट, कमेटी चौक रोड, अस्पताल चौक, निर्मल कुटिया, कालड़ा मार्केट से होकर गुरुद्वारा डेरा कार सेवा सम्पन्न हुआ, जहां गुरुद्वारा डेरा कार सेवा को बहुत ही सुंदर ढंग से सजाया गया था। इस अवसर पर बलदेव सिंह, इन्द्रपाल सिंह, कुलवंत सिंह कलेर, सुरेन्द्रपाल सिंह रामगढिय़ा, इन्द्रजीत सिंह, भूपिन्द्र सिंह, इन्द्रजीत सिंह दुआ, मंजी साहिब के प्रधान बलकार सिंह, स. राजिन्द्र सिंह मिडा, स. प्रीतपाल सिंह, गुरमती अखाड़ा के प्रधान जसप्रीत सिंह भिंडर, गुरतेज सिंह खालसा, सतिंदर सिंह, स. अमृतपाल सिंह, जसपाल सिंह व सुरिन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। कल 20 अक्तूबर को डेरा कार सेवा में गुरमत समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य रागी व ढाडी प्रचारक भाई सिमरनजीत सिंह जी हजूरी रागी जतथा श्री दरबार साहिब अमृतसर, भाई करनैल सिंह हजूरी रागी जत्थ श्री दरबार साहिब अमृतसर, भाई इन्द्रजीत सिंह हजूरी रागी जत्था सुखमनी साहिब सैक्टर-7, करनाल, भाई जोगा सिंह हैड ग्रन्थी गुरुद्वारा मंजी साहिब प. पातशाही करनाल, भाई मेजर सिंह करनाल वाले व भाई भगत सिंह करनाल वाले गुरु की महिमा का गुणगान करेंगे। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा।































