राजनीतिक दलों को वर्चुअल तरीके से ही चुनाव प्रचार की अनुमति दी जाए
ऊना: हिमाचल प्रदेश शिवसेना के कार्यकारी प्रमुख शिवदत्त वशिष्ट ने कहा कि सरकार प्रदेश में होने वाले उपचुनाव को कोविड महामारी की रोकथाम के मद्देनजर तत्काल रद करे। अगर ऐसा नहीं किया जा सकता तो रैलियों से लेकर चुनाव प्रचार को वर्चुअल करने निर्देश जारी हों। वीरवार को जारी बयान में शिवदत्त वशिष्ट ने कहा कि मांग को लेकर पत्र की कॉपी हिमाचल सरकार के प्रदेश मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित चुनाव कमीशनर काे प्रेषित की गई है। शिवदत्त वशिष्ट ने कहा कि राज्य में मंडी संसदीय क्षेत्र और तीन विधान सभा क्षेत्रों के लिए उप चुनाव शीघ्र ही होंगे। इन उपचुनावों को कोविड-19 वायरस के प्रसार को देखते हुए स्थगित किया जा सकता है। क्योंकि ऐसी स्थिति में इन चुनाव में जनसभाएं और भीड़ अनुकूल नहीं है। चुनाव प्रचार और चुनाव के दौरान, प्रशासन और जनता द्वारा कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन, बड़े पैमाने पर एक कठिन कार्य है। यदि संवैधानिक प्रावधानों के तहत चुनाव से संबंधित रुकावट है और प्रावधानों के अनुसार उप-चुनावों को स्थगित करना संभव नहीं है, तो आवश्यक उपायों को लागू किया जाए। इसमें राजनीतिक दलों को वर्चुअल तरीके से ही चुनाव प्रचार की अनुमति दी जाए। घातक वायरस के प्रसार से बचने के लिए उपचुनावों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जानी चाहिए और इसे सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। शिवसेना (बालठाकरे), हिमाचल प्रदेश जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, और इसलिए, मामले में सरकार के निर्णय के साथ खड़ा होगा। शिवसेना (बालठाकरे) स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग और राज्य के प्रशासन को पूर्ण सहयोग और सहायता करने के लिए आगे खड़ी है। ताकि प्रदेश की जनता में कोविड महामारी पर जीत दर्ज करने में अहम भूमिका अदा हो सके।
































