विजेता खिलाडिय़ों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
करनाल, आशुतोष गौतम (13 नवंबर) एसएस इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रही पांच दिवसीय सीबीएसई की राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। समापन समारोह में विजेता खिलाडिय़ों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विजेता खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए स्कूल के निदेशक संदीप कक्कड़ ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस शूटिंग प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने पूरा उत्साह दिखाया। उन्होंने सभी विजेता खिलाडिय़ों को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर प्रतियोगिता का संचालन कर रहे सीबीएसई के आब्जर्वर नीरज कुमार महाजन ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले खिलाड़ी आगे चलकर खेलो इंडिया में हिस्सा लेंगे। उन्होंने खिलाडिय़ों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि सभी खिलाडिय़ों ने पूरी मेहनत व लगन से प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर जीत दर्ज की है। समापन समारोह में स्कूल की प्रिंसिपल अमरपाली दत्ता व सीबीएसई के को ऑब्जर्वर जशनदीप सिंह ने विजेता खिलाडिय़ों को जीत की शुभकामनाएं दी। प्रतियोगिता में देश भर से आए शूटिंग कोच व स्कूल के अध्यापकों ने अहम भूमिका अदा की। गौरतलब है कि सीबीएसई की इस नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में देश भर से आए 1000 से अधिक खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया, वहीं विजेता खिलाडिय़ों के चेहरे पर जीत की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
यह रहे परिणाम
लड़कों की अंडर 14 एयर पिस्टल में मेरठ के पार्थ राणा ने स्वर्ण पदक जीता वहीं जम्मू के वैभव शर्मा ने रजत पदक और उत्तर प्रदेश के विजय कुमार तोमर को कांस्य पदक मिला। लड़कियों की अंडर 14 एयर पिस्टल में गुरु ग्राम की तान्या फोगाट को स्वर्ण नमाया कपूर को रजत और नव्या गोदारा को कांस्य पदक मिला। लड़कों की अंडर-17 एयर पिस्टल में अमन को स्वर्ण कार्तिक को रजत और नवदीप को कांस्य पदक मिला। लड़कियों की अंडर 17 एयर पिस्टल में गाजियाबाद की देवांशी को स्वर्ण, चितशोरूप कौर को रजत और दिवाकशी यादव को कांस्य पदक मिला। लड़कों की अंडर-19 एयर पिस्टल में दिल्ली के अनिरुद्ध शर्मा को गोल्ड मेहुल डबास को रजत और साकेत केसी को कांस्य पदक मिला। लड़कियों की अंडर-19 एयर पिस्टल में करनाल की अंजलि को स्वर्ण पदक सोनीपत की सृष्टि को रजत और देहरादून की रिद्धि राज्यपाल को कांस्य पदक मिला। लड़कों की अंडर-14 एयर राइफल में पंचकूला के एकवाक सिंह को स्वर्ण पदक बेंगलुरु के एस वरुण कुमार को रजत पदक और चेन्नई के शेखथीवेल को कांस्य पदक मिला। लड़कियों की अंडर 14 एयर राइफल में दिशा धनखड़ को स्वर्ण पनहा को रजत और ईशा को कांस्य पदक मिला। लड़कों की अंडर-17 एयर राइफल में शुमोहित को स्वर्ण सूर्य प्रताप को रजत और आर्यन सिंह को कांस्य पदक मिला। लड़कियों की अंडर 17 एयर राइफल में रमिता को गोल्ड मानसी को सिल्वर और चिन्मई को ब्रोंज मेडल मिला। लड़कों की अंडर-19 एयर राइफल में सहज शर्मा को गोल्ड समरवीर को सिल्वर और राहुल को ब्रोंज मेडल मिला। लड़कियों की अंडर-19 एयर राइफल में तनिष्का को गोल्ड विदिशा को सिल्वर और मनीषा को ब्रोंज मेडल मिला।


































