कुरियाला स्कूल में अगले वर्ष से शुरू होंगे कॉमर्स की कक्षाएं

जसवाल,ऊना 23 नवंबर:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुरियाला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने सभी स्कूलों में विधार्थियों की सुविधा के लिए अनेक योजनाएं व सुविधा प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि यदि हमने अपने समाज, प्रदेश व देश को उन्नति के शिखर पर पहुंचाना है तो सबको एक जुट होकर कार्य करना होगा जिसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की सोच सकारात्मक होनी जरूरी है। कंवर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नशे की दल-दल में फंसती जा रही है जो कि एक चिन्ता का विषय है। उन्होंने कहा कि हम तभी एक अच्छे व स्वस्थ समाज की परिकल्पना कर सकते हैं जब हमारा समाज का प्रत्येक नागरिक नशे से मुक्त होगा।
ग्रामीण विकास मंत्री कुरियाला स्कूल में स्टेज के निर्माण के लिए 3 लाख रूपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अगले वर्ष से इस पाठशाला में कॉमर्स विषय की कक्षाएं आरंभ कर दी जाएंगी। ग्रामीण विकास मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रूपए देने की भी घोषणा की। उन्होंने शिक्षा, खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले बच्चों का सम्मानित भी किया। इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, बीडीओ ऊना यशपाल सिंह परमार, स्कूल की प्राधानाचार्य नीलम कौशल व अन्य अध्यापक सहित उपस्थित रहे।

































