विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कांग्रेस जनता की सच्ची हितैषी, संतोषगढ़ शहरी कांग्रेस कमेटी की बैठक संपन्न
BHT News, (संतोषगढ़) संतोषगढ़ शहरी कांग्रेस कमेटी की बैठक रविवार को सोमेवश्वर मंंदिर संतोषगढ़ के प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता में शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश पुरी ने की, जबकि सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जहां संतोषगढ़ शहरी कांग्रेस की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया, वहीं प्रदेश सरकार की जनहितैषी की नीतियों पर हमला बोला। विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि कांग्रेस जनता की सच्ची हितैषी है। जबकि भाजपा गरीब, व्यापारी व किसान की विरोधी है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महंगाई की मार दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जनता भाजपा से तंग आ चुकी है। महंगाई ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है और भाजपा सत्ता के नशे में मस्त है। महंगाई को कंट्रोल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई के मुद्दे पर जनता के साथ है और हर संघर्ष किया जाएगा। विधायक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार केवल और केवल हिमाचल प्रदेश की जनता पर महंगाई का बोझ लाद रही है। इससे पहले मंदिर में पहुंचने पर विधायक सतपाल रायजादा को कमेटी ने सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सहोड़, मैहतपुर शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष राज भारद्वाज, जिला एससी सैल के चेयरमैन रवि बस्सी, महिला कांग्रेस संतोषगढ़ की अध्यक्ष बेबी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्षा निर्मला देवी, भुपेंद्र सिंह, पूर्व नगर परिषद अध्यक्षा अमरावती, उपाध्यक्ष गुरदेव, संजय जैतिक सहित अन्य उपस्थित रहे।
8 ने थामा कांग्रेस का हाथ – बैठक के दौरान 8 लोगों ने कांग्रेस का हाथ थामा है। विधायक सतपाल रायजादा ने सभी को हार पहनाकर सम्मानित किया। कांगे्रस में ज्वाइन करने वालों में सेवानिवृत प्रधानाचार्य जोगिंद्र सिंह मान, राम कुमार, कुलवंत सिंह, राजन, विक्रम, शिव कुमार, लक्की व वचन चंद शामिल है।
भटोली में वार्ड पंच में कांग्रेस में शामिल- महिला ब्लॉक कांग्रेस की बैठक रविवार को भटोली में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष सीमा शर्मा ने की, जबकि अन्य महिलाएं शामिल रही। बैठक में जहां कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने बारे चर्चा की गई। वहीं भाजपा राज में बढ़ रही महंगाई पर रोष जताया गया। इस दौरान भटोली में वार्ड नंबर 5 की पंच ममता देवी ने भाजपा छोड़ते हुए कांग्रेस का हाथ थाम लिया। जिसे महिला कांग्रेस ने हार पहनाकर सम्मानित किया।






























