सिर्फ दो लोग ही एक टाइम में पहरा देंगे- एसपी
बददी,8 अप्रैल (शांति गौतम) बददी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) के सीमावर्ती गांवों में बाहरी अथवा संदिग्ध व्यक्ति के घुसने पर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए ठीकरी पहरे पर जिला प्रशासन से नए आदेश जारी किए हैं। ताजा आदेशों के अनुसार अब इन नाकों पर दो से ज्यादा लोग पहरे पर नहीं बैठ सकते। प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में जो रास्ते गांव की तरफ आते हैं, उन रास्तों पर ज्यादा से ज्यादा सिर्फ दो लोग ही एक टाइम में पहरा देंगे। अति उत्साह में जहां पर पहरा लगाया गया है या कहीं और भी लोगों को ज्यादा संख्या में इक_ा न होने दें। इससे कोरोना बीमारी फैलने का बहुत ज्यादा खतरा है। जिला प्रशासन ने संबंधित सभी ग्राम पंचायत प्रधानों को इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। बीबीएन का काफी एरिया पड़ौसी राज्य हरियाणा और पंजाब के साथ जुड़ा हुआ है। इनमें से कई ऐसे गांव भी शामिल हैं, जिनमें कोई न कोई चोर रास्ता इन गांवों के साथ भी जुड़ा हुआ है। पिछले कई दिनों से पाया गया था कि कई लोग इन चोर रास्तों से होकर बीबीएन में प्रवेश कर रहे थे। जिस पर ग्रामीणों ने स्वयं ही सावधानी बरतते हुए ठीकरी पहरा देने की ठानी। इन पंचायतों में ठीकरी पहरे का काफी असर भी देखने को मिला। जहां इन चोर रास्तों से अवांछित लोगों की आमद कम हुई, वहीं कोरोना वायरस की संदिग्ध लोगों की संख्या में भी कमी आई है। इन पंचायतों के युवाओं ने दिन-रात एक करके संदिग्ध लोगों की गांव में आमद को पूरी तरह से रोक दिया है। उधर, जिला पुलिस बददी एसपी रोहित मालपानी ने कहा कि सीमावर्ती ग्राम पंचायतों में पहरा दे रहे लोगों को नई हिदायतें जारी की गई हैं। उन्होंने बताया कि इन गांवों में जो लोग पहरा दे रहे हैं अब उनमें सिर्फ दो लोग ही शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक दूूरी के नियम का पालन भी आसानी से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि बीबीएन के जिन गांवों में जरूरी नहीं है वहां पर किसी प्रकार का पहरा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठीकरी पहरे पर दो से अधिक लोग न बैठाने की जिम्मेवारी अब संबंधित पंचायत प्रधान की होगी। नियमों की उल्लघंना करने पर उचित कार्यवाई संभव है।
































