एसएसआरवीएम वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ऊना में होमवर्क एवं असाइनमेंट पर कार्यशाला का आयोजक
BHT news, ऊना एस.एस.आर.वी.एम. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऊना में शनिवार को होमवर्क एवं असाइनमेंट विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक सुमेश शर्मा, प्रधानाचार्या श्रीमती बृजबाला शर्मा, शैक्षिक प्रमुख सुरेन्द्र रत्तरा, श्रीमती साक्षी तथा सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुश्री सुप्रिया शर्मा (सहायक प्राध्यापक, संप्रेषण कौशल विभाग) एवं सुमेर खुल्लर (अधिकारी, करियर मार्गदर्शन विभाग) ने संयुक्त रूप से किया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और होमवर्क को पारंपरिक दृष्टिकोण से हटकर अधिक रुचिकर, उद्देश्यपूर्ण और छात्र-केंद्रित बनाना है। वक्ताओं ने बताया कि होमवर्क ऐसा होना चाहिए जो विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाए, उनकी सोच को प्रोत्साहित करे और सीखने की प्रक्रिया को आनंदमय बनाए। कार्यशाला में सुझाव दिया गया कि होमवर्क को गतिविधि आधारित रखा जाए, विद्यार्थियों की क्षमता के अनुसार तैयार किया जाए और खेल पद्धति (गेम आधारित तकनीक) को भी शामिल किया जाए। सकारात्मक टिप्पणियाँ देना, नियमित और रचनात्मक प्रतिक्रिया देना अत्यंत आवश्यक बताया गया। डिजिटल मंचों तथा प्रेरक वाक्यों, जैसे “तुम बहुत पास हो! एक बार फिर सोचो।”, के उपयोग से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया। कार्यशाला में सभी शिक्षकों ने सांझा किए गए विचारों को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया तथा उन्हें अपनी कक्षाओं में अपनाने का संकल्प लिया। यह सत्र इस सोच को मजबूत करने में सफल रहा कि होमवर्क केवल औपचारिकता न होकर, गहन एवं आनंददायक अधिगम का सशक्त माध्यम है। सभी अध्यापकों ने इस विधिः की बहुत प्रशंसा की है।






























