कहा यह बजट खेल,कृषि और पशुपालन तीनों क्षेत्रों को सशक्त बनाते हुए युवाओं,खिलाड़ियों और किसानों को नई ऊर्जा देगा
BHT news, शिमला। वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने केंद्रीय बजट में खेल क्षेत्र के लिए किए गए लगभग ₹1000 करोड़ के अतिरिक्त प्रावधान का स्वागत करते हुए इसे खिलाड़ियों और खेलों के प्रति केंद्र सरकार की सकारात्मक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और भारत को वैश्विक खेल शक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बजट में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशिक्षण सुविधाओं और प्रतिभा पहचान पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही 2036 तक के स्पोर्ट्स विज़न को ध्यान में रखकर की गई योजनाएं भारत को ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन और अधिक स्वर्ण पदक हासिल करने में मदद करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भारत द्वारा ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य की दिशा में यह बजट मजबूत आधार प्रदान करेगा। उन्होंने राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को खेलों के प्रति केंद्र सरकार की गंभीर प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया और कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा तथा खेलों को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।कृषि क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक खेती तकनीक को बढ़ावा देने, सिंचाई और भंडारण सुविधाओं के विस्तार तथा कृषि आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए बेहतर प्रावधान किए गए हैं। छोटे और सीमांत किसानों के हितों को भी ध्यान में रखा गया है। पशुपालन क्षेत्र के संबंध में कंवर ने कहा कि डेयरी विकास, पशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण कार्यक्रमों और नस्ल सुधार के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। पशुपालन आधारित रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।उन्होंने कहा कि यह बजट खेल, कृषि और पशुपालन तीनों क्षेत्रों को सशक्त बनाते हुए युवाओं, खिलाड़ियों और किसानों को नई ऊर्जा देगा तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करेगा।



























