अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों, गैर सरकारी संगठनों और स्कूल प्रतिनिधियों से तैयारियों पर की चर्चा
करनाल, आशुतोष गौतम(4दिसंबर) हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष 6 से 8 दिसम्बर तक जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। डा. मंगलसेन ऑडिटोरियम में आयोजित किए जा रहे इस महोत्सव का शुभारंभ 6 दिसम्बर को होगा और दोहपर 2.30 बजे घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। यह प्रदर्शनी तीनों दिन प्रात: 10 बजे से सायं 6 बजे तक जिलावासियों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव ने आज अपने कार्यालय में इस आयोजन को लेकर आयोजित बैठकों के दौरान दी। इस तीन दिवसीय महोत्सव के सफल आयोजन के लिए उन्होंने अधिकारियों, गैर सरकारी संगठनों और स्कूल प्रतिनिधियों से चर्चा की और अब तक किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 6 दिसम्बर को प्रदर्शनी के उद्घाटन के उपरांत 3 से 4 बजे तक स्कूल अध्यापकों के लिए श्रीमद्भगवदगीता विषय पर सेमिनार आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार 7 दिसम्बर को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के लिए बाद दोपहर 4 बजे से 5 बजे तक गीता संदेश पर आधारित सेमिनार होगा जिसमें कुरुक्षेत्र के विद्वान जीवन में गीता के महत्व विषय पर चर्चा करेंगे। इसी दिन सायं 5 बजे से 7 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें ख्याति प्राप्त कलाकार अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। गीता महोत्सव के अंतिम दिन यानि 8 दिसम्बर को प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक जनसाधारण के लिए गीता सेमिनार, 12 बजे से 12.15 बजे तक सामूहिक शालकोच्चारण कार्यक्रम होगा।
: अंतिम दिन निकाली जाएगी भव्य नगर शोभा यात्रा
अतिरिक्त उपायुक्त ने विकास सदन में गैर सरकारी संगठनों के साथ बैठक आयोजित की और बताया कि 8 दिसम्बर को दोपहर 12.30 बजे डा. मंगलसेन ऑडिटोरियम से गीता संदेश पर आधारित भव्य शोभ यात्रा आरंभ की जाएगी। उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा में गीता के 18 अध्यायों पर आधारित 18 ट्रालियों में एक-एक गैर सरकारी संगठन विद्यालयों के साथ मिलकर झांकियां तैयार करेंगे। इसके अलावा जियो गीता संस्था तथा रामलीला कमेटी की ओर से भी झांकियां तैयार की जाएंगी जो इस शोभा यात्रा का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग प्रबंधों की जिम्मेवारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है और उनके नेतृत्व में समितियां गठित की गई हैं। उन्होंने जिलावासियों से भी अनुरोध किया कि वे इस आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। इस अवसर पर एसडीएम करनाल नरेन्द्र पाल मलिक, नगराधीश सुशील कुमार, डीएमसी धीरज कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, गैर सरकारी संगठनों व स्कूलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

































