ऊना जिला के 2574 मरीजों के लिए जीवन रक्षक बनी हिमकेयर योजना
जसवाल, ऊना ( 18 फरवरी ) मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार जन कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं चला रही हैं, जो बड़ी संख्या में पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित कर रही हैं। स्वास्थ्य बीमा की सुविधा प्रदान करने वाली हिमकेयर योजना भी अपने उद्देश्य में सफल सिद्ध हुई है। प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के अंतर्गत जिला में 27,726 परिवार पंजीकृत किए गए हैं और इस योजना के माध्यम से जिला ऊना में अब तक 2574 मरीजों का निशुल्क उपचार किया गया है। प्रदेश सरकार ने इन मरीजों के इलाज पर लगभग 1.22 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की। इस योजना के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सरकार 5 सदस्यों वाले परिवार को 5 लाख रुपए तक स्वास्थ्य बीमा प्रदान कर रही है। अस्पताल में भर्ती होने पर 5 लाख रुपए तक के इलाज का खर्च प्रदेश सरकार वहन करती है। परिवार के सभी सदस्य इसमें पात्र हैं और आयु सीमा की कोई शर्त नहीं है। स्कीम में 1800 उपचार प्रक्रियाएं कवर की जा रही हैं और इसमें डे केयर सर्जरी भी शामिल हैं। रोगी को अस्पताल में भर्ती होने पर कैशलैस सेवा मिलती है।
ऐसे करें हिमकेयर में आवेदन – बीपीएल परिवारों के लिए इस योजना में कोई भी प्रीमियम नहीं रखा गया है। 40 प्रतिशत तक दिव्यांग, 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं, अनुबंध कर्मचारी, मिड डे मील वर्कर, आशा कार्यकर्ता, अंशकालिक कार्यकर्ताओं व दिहाड़ीदारों को 365 रुपए सालाना प्रीमियम अदा करना होता है। अन्य परिवार भी 1000 रुपए प्रीमियम अदा करके प्रदेश सरकार की इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए नजदीकी लोकमित्र केंद्र पर जाना होगा या WWW.HPSBYS.IN पर भी स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए अपना आधार कार्ड तथा राशन कार्ड साथ लाना होगा।
पीजीआई चंडीगढ़ में भी मान्य हिमकेयर कार्ड- हिमकेयर कार्ड पीजीआई चंडीगढ़ में भी मान्य है। कोई भी समस्या होने पर पीजीआई के एक्सटेंशन ब्लॉक में नियुक्त नरेंद्र कुमार से संपर्क किया जा सकता है या उनके मोबाइल नंबर 76967-59990 पर भी बात की जा सकती है।
31 मार्च करें हिमकेयर में आवेदन – इस योजना के बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. रमण कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में जो व्यक्ति पहले चरण में हिमकेयर योजना के तहत कार्ड नहीं बनवा पाए थे वह दोबारा से अपना पंजीकरण करवा सकते है। पंजीकरण की यह प्रक्रिया 31 मार्च 2020 तक जारी रहेगी। इसके अतिरिक्त जिन परिवारों ने हिमकेयर में 1 जनवरी, 2019 के बाद पंजीकरण करवाया है, वह पॉलिसी अवधि पूरी होने पर अपने कार्ड का नवीनीकरण करवा सकते हैं।
प्रदेश में खर्च किए 51.33 करोड़ रुपए – हिमकेयर के बारे में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश में अब तक 5.50 लाख परिवारों को इस योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है। प्रदेश के 56 निजी अस्पतालों सहित 199 अस्पतालों में हिमकेयर का कार्ड स्वीकार किया जाता है। इस योजना के अंतर्गत पिछले एक वर्ष में प्रदेश के 54,282 मरीजों को 51.33 करोड़ रुपए से अधिक के निशुल्क इलाज की सुविधा का लाभ मिला है।
































