कुटलैहड़ विस क्षेत्र के टक्का में ग्रामीण विकास मंत्री ने किया रावण दहन
ऊना (9 अक्तूबर)- ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि लड़ाकू विमान राफेल के शामिल होने से भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि विजयदशमी के दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस में भारत के पहले राफेल विमान की शस्त्र पूजा की और उसमें उड़ान भी भरी। वीरेंद्र कंवर ने यह बात मंगलवार देर शाम टक्का में रावण दहन के दौरान कही।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के लिए इस बार दशहरा का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि भारत को आधुनिक राफेल विमान प्राप्त होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बधाई देते हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि राफेल हमारी आत्मरक्षा का एक हिस्सा है, न कि किसी के खिलाफ आक्रामकता का संकेत। उन्होंने कहा कि मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत विश्व भर में अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस हासिल कर रहा है। आज दुनिया के सभी देश भारत की ताकत को झुककर नमन कर रहे हैं। अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में हाउडी मोदी कार्यक्रम को अभूतपूर्व जन समर्थन मिला है, जिससे यह बात सिद्ध हुई है कि नरेंद्र मोदी सिर्फ भारत के ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं।
































