रोजगार मेला महाविद्यालय में किया आयोजित, इंद्री के विधायक ने किया मेले का शुभारम्भ
करनाल, आशुतोष गौतम ( 6 मार्च ) जिला रोजगार अधिकारी राजेश सांगवान ने बताया कि पंडित चिरंजी लाल स्नात्तकोतर राजकीय महाविद्यालय सैक्टर 14 में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का शुभारंभ इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने किया। इस मेले में 15 कंपनियों तथा 281 प्रार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर 203 प्रार्थियों को रोजगार के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया। उन्होंने बताया कि जिला में 11 हजार सक्षम पंजीकृत हैं जोकि योजना का लाभ उठा रहे हैं। विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा भी युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। युवाओं को चाहिए कि वह अपने उज्जवल भविष्य के लिए अपने कौशल में सुधार करें। सरकारी नौकरी सीमित हैं, इसलिए अच्छी नौकरी बड़ी-बड़ी कंपनियां भी योग्य युवाओं को दे रही हैं। इसलिए सबसे पहले जरूरी है कि युवा अच्छी शिक्षा ग्रहण करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंच का संचालन सहायक रोजगार अधिकारी मनोज कुमार ने किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डा. रेखा शर्मा, डा. रोशन लाल, विनोद कुमार, कपिल देव, कर्मबीर, आशीष व जगप्रीत इत्यादि उपस्थित रहे।

































