दिसम्बर तक पूरा होने की उम्मीद, कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
करनाल, आशुतोष गौतम (9 अक्तूबर) करनाल में अटल मिशन फॉर रिजूविनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉरमेशन (अमरूत) की महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य प्रगति पर चल रहा है। अनुमानित 165 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को टाटा कम्पनी पूरा करेगी, जिसमें नगर निगम क्षेत्र की सीमाओं में करीब 152 किलोमीटर लम्बी सीवरेज पाईप लाईन डाली जाएगी। अब तक 112 किलोमीटर क्षेत्र में पाईप लाईन डालने का कार्य पूरा किया जा चुका है, शेष 40 किलोमीटर तक बचा कार्य आगामी दिसम्बर तक पूर्ण कर लेने की उम्मीद है। नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने बुधवार को शहर के सैक्टर-32 में, बुढ़ाखेड़ा दिशा से आ रही पाईप लाईन के कार्य का निरीक्षण किया। उनके साथ निगम के सहायक इंजीनियर लख्मी चंद राघव भी थे। आयुक्त ेके अनुसार पूरे प्रोजेक्ट में 5 हजार से अधिक मेनहोल व बड़ी संख्या में इंस्पेक्शन चेम्बर बनाए जाने हैं, अब तक 3 हजार 914 मेनहोल बनाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट से जुड़े कार्य में ही शहर के फूसगढ़ क्षेत्र मे ं20 एमएलडी तथा शिव कॉलोनी क्षेत्र में 8 एमएलडी का एसटीपी निर्माणाधीन है, जो मार्च 2020 तक पूरे हो जाएंगे, ऐसी उम्मीद है। शिव कॉलोनी के एसटीपी में नहर पार क्षेत्र का गंदा पानी पाईप लाईन के जरिए आएगा, जबकि फूसगढ़ के एसटीपी में इस क्षेत्र का पानी ट्रीटमेंट के लिए आएगा। आयुक्त ने अब तक हुए काम को देखकर अपनी संतुष्टी जाहिर की और विभागीय तथा कम्पनी के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि वे इसके कार्य में तेजी लाएं और क्वालिटी का पूरा ध्यान रखें, क्योंकि यह भविष्य की जरूरतों के अनुसार किया जा रहा है। इसके पूरे हो जाने से शहर में सीवरेज की समस्या सदा-सदा के लिए समाप्त हो जाएगी और लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।






























