आधा दर्जन मंत्रियों की पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भाजपा का परचम, बोले—शिमला के जनादेश ने दे दिया बदलाव का स्पष्ट संदेश, सुक्खू सरकार की उल्टी गिनती शुरू
बीएचटी न्यूज, ऊना: शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की प्रचंड जीत को लेकर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इस जीत को प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत करार दिया।दविंदर कुमार भुट्टो ने जारी बयान में कहा कि शिमला जिला परिषद के चुनाव में प्रदेश सरकार ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। सरकार के करीब आधा दर्जन मंत्रियों को चुनावी मोर्चे पर उतारा गया, संगठन ने भी पूरी ताकत लगाई, लेकिन इसके बावजूद भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज कर कांग्रेस के दावों की हवा निकाल दी।उन्होंने कहा, “करीब 25 वर्षों बाद शिमला जिला परिषद के शीर्ष पदों पर भाजपा की वापसी महज चुनावी जीत नहीं, बल्कि सुक्खू सरकार के लिए जनता का बड़ा राजनीतिक संदेश है। यह परिणाम प्रदेश सरकार के गाल पर करारा तमाचा है।”भुट्टो ने कहा कि शिमला के जनप्रतिनिधियों ने अपने जनादेश के माध्यम से स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता अब सरकार के कामकाज का हिसाब चाहती है। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद चुनाव में भाजपा की जीत ने आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तस्वीर के भी संकेत दे दिए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे और गारंटियां की थीं, लेकिन सत्ता में आने के बाद आम जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल “झूठे वादों, राजनीतिक दिखावे और मित्रों को खुश करने” में बीत गया और अब जनता हर वादे का हिसाब मांग रही है।मंत्रियों की फौज उतारने के बावजूद नहीं बचा कांग्रेस का किलापूर्व विधायक ने कहा कि शिमला जिला परिषद का चुनाव जीतने के लिए सरकार और कांग्रेस संगठन ने कोई कसर नहीं छोड़ी। कई मंत्रियों को चुनावी जिम्मेदारी दी गई और पूरी सरकारी ताकत झोंकी गई, लेकिन जनता के प्रतिनिधियों ने भाजपा पर भरोसा जताकर कांग्रेस को करारा राजनीतिक जवाब दिया।उन्होंने कहा कि यह परिणाम इस बात का प्रमाण है कि सरकार का प्रभाव अब जनता के बीच कमजोर पड़ रहा है और भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।“एक वर्ष बाद हिमाचल में होगी डबल इंजन की सरकार”दविंदर कुमार भुट्टो ने दावा किया कि सुक्खू सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा हिमाचल प्रदेश में भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि एक वर्ष बाद प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार होगी।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से हिमाचल के विकास को नई गति मिलेगी। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, रोजगार और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।भुट्टो ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे ले जाना है।उन्होंने शिमला जिला परिषद के परिणाम को कांग्रेस सरकार के लिए “स्पष्ट चेतावनी” बताते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता अपने वोट की ताकत से सरकार के कामकाज का जवाब देगी और भाजपा को मजबूत विकल्प के रूप में चुनेगी































