इलाके की 10 पंचायतों की समस्याओं का जनमंच में होगा निदान
जसवाल , ऊना (26 सितंबर)- ऊना जिला के गगरेट विधानसभा क्षेत्र में 13 अक्तूबर को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम की तैयारियों पर आज गगरेट में एक बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने की। बैठक में डीसी ने कहा कि जनमंच का आयोजन राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार करेंगे।
संदीप कुमार ने कहा कि जनमंच में 10 ग्राम पंचायतों जोह, सलोह बैरी, गनु मंडवारा, रायपुर, बबेहड़, मरवाड़ी, चलेट, मावा कोहलां, नंगल जरियालां तथा अंबोआ के निवासियों की जन समस्याओं का निपटारा किया जाएगा। जनमंच से पहले विभिन्न विभाग प्री-जनमंच गतिविधियों का आयोजन करेंगे और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी इन पंचायतों के लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का निपटारा प्री-जनमंच गतिविधियों में करने का प्रयास किया जाएगा और जिन समस्याओं का निपटारा नहीं हो पाएगा, उन्हें जनमंच कार्यक्रम में ले जाया जाएगा।
कलस्टर पंचायतों के निवासियों को प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि जनमंच के दिन भी सभी 10 पंचायतों के लोग 13 अक्तूबर को सुबह पंजीकरण कराने के बाद अपनी समस्याएं मुख्यतिथि के सामने रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच के लिए कलस्टर में चुनी गई 10 पंचायतों के निवासियों को पंजीकरण में प्राथमिकता दी जाएगी और जनमंच में उनकी समस्याएं सबसे पहले सुनी जाएंगी।
कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि प्री-जनमंच गतिविधियों के दौरान गृहिणी सुविधा, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सहारा योजना, जन-धन, बेटी है अनमोल जैसी सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा और पात्र लोगों को योजनाओं के साथ जोड़ने के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे। उन्होंने विभागों को अपने शिविरों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि वह इन शिविरों का लाभ उठा सकें। साथ ही डीसी ने प्री-जनमंच गतिविधियों की पूरी जानकारी प्रतिदिन बीडीओ कार्यालय गगरेट को भेजने के निर्देश भी दिए।
जनमंच प्रदेश सरकार का प्रमुख कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि जनमंच हिमाचल प्रदेश सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का जल्द व बेहतर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी प्री-जनमंच गतिविधियों में अधिक से अधिक योगदान दें और मौके पर ही लोगों की समस्याओं का निपटारा करने का प्रयास करें।
ये रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अरिंदम चौधरी, एसडीएम गगरेट विनय मोदी, डीएसपी अंब मनोज जम्वाल, परियोजना अधिकारी डीआरडीए संजीव ठाकुर, बीडीओ हेम चंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






























