हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटड ने ऊर्जा सरंक्षण दिवस मनाया
ऊना,14 दिसम्बर (BHT news):हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटड ने विद्युत उपमंडल मैहतपुर के तहत गांव हंडोला और उदयपुर में शनिवार को ऊर्जा सरंक्षण दिवस मनाया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को घरों में बिजली की बचत के बारे में शिक्षित करना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जरूरत न होने पर लाइटें, पंखे, कूलर, एसी व अन्य बिजली उपकरण बंद करने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा लोगों को प्रधानमंत्री मुफ्त सूर्य घर योजना के तहत लोगों को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए शिक्षित किया गया। इस अवसर पर बिजली बोर्ड ऊना के अधिशाषी अभियंता इंजीनियर यशविंद्र सिंह ने बताया कि सरकार 3 किलो वाट सौर ऊर्जा संयंत्र तक 78000 रुपये की सब्सिडी राशि प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस हर साल 14 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन इस बारे में जागरूकता बढ़ाने का दिन है कि ऊर्जा की बचत क्यों जरूरी है। ऊर्जा संरक्षण का मतलब है कि बेहतर तरीकों और तकनीकों को अपनाकर ऊर्जा का कम उपयोग करना। यह एक ऐसी चीज है, जिसमें सभी को भाग लेना चाहिए और इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हर दिन ऊर्जा का उपयोग कैसे किया जाता है। ऐसा करके भविष्य के लिए संसाधनों को बचाया जा सकता हैं और पर्यावरण की रक्षा में मदद की जा सकती है। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस की शुरुआत 1991 में हुई थी, जब भारत सरकार ने ऊर्जा को बचाने और बेहतर प्रबंधन की जरूरत पर गौर किया। ऊर्जा मंत्रालय ने लोगों और व्यवसायों को ऊर्जा को बचाने की तरीकों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए इस विचार को शुरू किया। उन्होंने बताया कि देश में दिन-प्रतिदिन शहरों का क्षेत्र बढ़ रहा है और बिजली की खपत भी बढ़ रही है। उपभोक्ताओं की डिमांड के अनुसार विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए बिजली बोर्ड को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों के दिनों में बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाना सबसे बड़ी चुनौति बन जाती है। परंतु बिजली उपभोक्ता अगर अपने-अपने घरों में पावर बचाने के लिए आगे आएं तो काफी हद तक बिजली मांग व आपूर्ति के बीच पड़ रहे गैप को पूरा किया जा सकता है। इसके अलावा सरकार सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं को भी शुरू किया गया है। इसमें लोग अपने घरों में बिजली की आपूर्ति को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करवा सकते हैं। इसके अलावा इनकम कमाने के लिए भी सरकार युवाओं को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए लाभ उपलब्ध करवा रही है। इस अवसर पर बिजली बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


































