ऊना में प्राइम बैडमिंटन एकेडमी का शुभारंभ उपायुक्त जतिन लाल ने किया
रणधीर जसवाल, ऊना:ऊना में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने की पहल के तहत सोमवार को प्राइम बैडमिंटन एकेडमी का उद्घाटन किया गया। एकेडमी का शुभारंभ उपायुक्त जतिन लाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह एकेडमी जिले के युवाओं और बैडमिंटन प्रेमियों के लिए खेल प्रशिक्षण का बेहतर मंच साबित होगी।उपायुक्त ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने का भी प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्राइम बैडमिंटन एकेडमी युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार की आधुनिक खेल सुविधाओं का विकसित होना खिलाड़ियों के लिए लाभदायक साबित होगा।जतिन लाल ने एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं बैडमिंटन कोच करण चौधरी को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से प्रशिक्षित खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने बैडमिंटन में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा जिले के पत्रकारों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की और उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की।इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और अभिभावकों ने भी भाग लिया। उपस्थित लोगों ने एकेडमी की स्थापना को जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।प्राइम बैडमिंटन एकेडमी के शुभारंभ से ऊना के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और प्रतिस्पर्धी स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
































