विराज की शानदार बल्लेबाज़ी और रोहित कुंडलास की घातक गेंदबाज़ी से मेज़बान टीम बनी चैंपियन
बीएचटी न्यूज, ऊना।डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, ऊना ने एक बार फिर खेलों के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत आयोजित क्षेत्रीय स्तर-7 अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। रोमांच, जोश और खेल भावना से भरपूर इस मुकाबले में मेज़बान टीम ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी और अनुशासित गेंदबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल, लठियाणी को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।डीएवी कॉलेज प्रबंधक समिति, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, आत्मानुशासन, नेतृत्व क्षमता, भाईचारा तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना है। प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का सशक्त मंच प्रदान किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ स्थानीय कमेटी के उपप्रधान बलविंदर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें पूरे समर्पण, अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, लठियाणी के प्राचार्य वरुण शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।टॉस जीतकर डीएवी पब्लिक स्कूल, लठियाणी ने पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए डीएवी ऊना ने 99 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का बचाव करते हुए मेज़बान टीम के गेंदबाज़ों ने विपक्षी बल्लेबाज़ों पर लगातार दबाव बनाए रखा और सटीक लाइन-लेंथ के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।व्यक्तिगत प्रदर्शन में विराज ने 40 गेंदों पर शानदार 37 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर ‘सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़’ का सम्मान प्राप्त किया, जबकि अपनी घातक गेंदबाज़ी से विपक्षी टीम की कमर तोड़ने वाले रोहित कुंडलास को ‘सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़’ घोषित किया गया।विद्यालय के प्राचार्य आर.एल. पाठक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे प्रभावी पाठशाला हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, धैर्य, सहनशीलता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे जीवनोपयोगी गुण विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से डीएवी संस्था की गरिमा, सम्मान और खेल परंपरा को सदैव सर्वोपरि रखते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य आर.एल. पाठक ने खेल प्रशिक्षक राहुल कपिल, मनीष द्विवेदी, शिपाली, मंच संचालिका बबीता जोशी, कुशल जसवाल, विपिन कपिला, सोनिया, वैशाली, जसबीर, प्रिंस तथा गुलशन सहित आयोजन में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों एवं सहयोगियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।































