नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ प्रतियोगिता में डीएवी ऊना का शानदार प्रदर्शन, तीन छात्राओं ने जीते शीर्ष स्थान
बीएचटी न्यूज, ऊना: डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना के विद्यार्थियों ने हिम कैप्स कॉलेज बढ़ेड़ा में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों एवं युवाओं ने स्वतंत्र रूप से भाग लिया। इस अवसर पर स्लैम कविता, चित्रकला, कविता पाठ, गायन तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 11वीं की प्रतिभाशाली छात्रा पृषा द्विवेदी ने स्लैम कविता प्रतियोगिता में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, इसी प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा राधिका कपल ने भी अपनी सशक्त अभिव्यक्ति और प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा।इसके अतिरिक्त कक्षा 10वीं की छात्रा अंजलि ने अपनी सृजनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए चित्रकला प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान प्राचार्य आरएल पाठक ने सभी विजेता छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता केवल उनकी प्रतिभा का ही नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण का भी परिचायक है। ऐसे मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करते हैं।प्राचार्य श्री पाठक ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियां भी व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने विजेता छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा मार्गदर्शक शिक्षिका बबीता जोशी को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।































