वीरेंद्र कंवर की मौजूदगी में कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि, शहीदों के परिवार और पूर्व सैनिक हुए सम्मानित
बीएचटी न्यूज, बंगाणा/थानाकलां। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कुटलैहड़ सेवा संगठन द्वारा अम्बेडकर भवन, थानाकलां में आयोजित श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में भारतीय सेना के अदम्य शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर राजीव ठाकुर, विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर तथा जिला परिषद सदस्य चंचल बाला ने शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया। इस दौरान कुटलैहड़ क्षेत्र के शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में कीर्ति चक्र से सम्मानित शहीद दिलवर खान के माता-पिता एवं उनकी पत्नी, सेना मेडल से सम्मानित शहीद रणजीत सिंह के पिता, कैप्टन गोरख राम, सूबेदार मेजर दौलत राम, नायब सूबेदार रणजीत सिंह तथा शहीद भूपिंदर के पिता हवलदार मलूक सिंह सहित कई वीर परिवारों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पूरा सभागार देशभक्ति के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अपने संबोधन में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत की सैन्य विजय के साथ-साथ उन वीर सपूतों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं ब्रिगेडियर राजीव ठाकुर ने युवाओं से राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। समारोह में लगभग 400 लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।































