प्रतियोगिता में भारत व विदेशों के लगभग 42 प्रतिभागियों ने भाग लिया
जसवाल , ऊना ( 9 अक्तूबर) डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल ऊना की वर्ष 2005 – 6 की छात्रा शिल्पा वर्मा ने पुने में आयोजित प्रतियोगिता में मिसेज इंडिया ग्लैमर का खिताब जीता है । पुने में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत व विदेशों के लगभग 42 प्रतिभागियों ने भाग लिया। शिल्पा वर्मा ने इस मुकाम को हासिल करने के लिए चार चरण पास किए और खिताब जीतकर अपने जिला तथा प्रदेश को गौरवान्वित किया । शिल्पा वर्मा ने 12वीं तक की शिक्षा डीएवी स्कूल से प्राप्त की है। स्कूल में उन्हें खेल प्रभारी का दायित्व भी दिया गया था शिल्पा पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभाती थी।
शिल्पा वर्मा ने खिताब जीतने के बाद अपने वक्तव्य में कहा कि उनके माता-पिता व पति का भरपूर सहयोग रहा है जिससे वह अपने सपने को साकार कर सकी है। उन्होंने कहा कि अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई को दिया । उन्होंने कहा कि अगर विद्यालय स्तर पर मुझे आत्मविश्वास व नेतृत्व की क्षमता प्रदान नहीं की जाती तो सब कुछ असंभव था। श्रीमती वर्मा ने इसके लिए स्कूल प्रबंधक व शिक्षकों का आभार जताया। स्कूल के प्राचार्य अतुल महाजन ने इस उपलब्धि के लिए शिल्पा वर्मा व उनके परिवारिक सदस्यों को बधाई दी । श्री महाजन ने छात्रों को शिल्पा से प्रेरणा लेकर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

































