राहगिरी में प्रस्तुतियां देने वालों की लगी होड़, परिवार सहित पहुंचे लोग

करनाल, आशुतोष गौतम ( 20 अक्तूबर) करनाल पुलिस व नगरनिगम की ओर से सेक्टर-12 में आयोजित राहगिरी कार्यक्रम में इस रविवार को भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस बार की राहगिरी मतदान को समर्पित रही। करनाल पुलिस ने शानदार रंगोली के माध्यम से यह संदेश दिया कि 21 अक्तूबर को सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से मतदान अवश्य करें। नवीन कुमार द्वारा बनाई रंगोली एवं राजेश पिचौलिया द्वारा बनाए गए हरियाणा के नक्शे के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया। सुरेश पुनिया, भीम सिंह, अजय कुमार ने भी हरियाणा के मैप बनाने में सहयोग किया। डीएमसी धीरज कुमार ने मंच के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज सोमवार को सभी लोग अपना मतदान अवश्य करें और आपसी भाईचारा बनाए रखें। एचडीएफसी बैंक से आए अधिकारियों ने संजय कुमार के नेतृत्व में राहगिरी में अपनी बेहतरीन प्रस्तुति देने वाले बच्चों और कलाकारों को स्मृति चिन्ह तथा मुस्काराती गेंद देकर सम्मानित किया। इन्होंने टीम राहगिरी को भी पिछले चार वर्ष से करनाल शहर को शानदार सेवाएं देने के लिए सम्मानित किया। इस बार आकर्षण का केंद्र मतदान विषय पर बनाया हुआ हरियाणा का मैप ही रहा। भारी संख्या में लोगों ने अपने परिवार और बच्चों के साथ राहगिरी में भागीदारी की और कार्यक्रम प्रस्तुति देने की होड़ लगी रही। ताराज ग्रुप के बच्चों ने शानदार नृत्य के साथ-साथ बेहतरीन वादन और गायन पेश किया। कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले और सम्मानित होने वाले कलाकारों में सैम, अंश, अंशिका, एश्वर्या, सरोज, अनामिका, अक्षित शर्मा, साहिल, अर्जुन सहित अन्य बच्चे प्रमुख थे। नीलोखेड़ी से आए कलाकार कृष्ण कुमार ने शबरी का अभिनय कर प्रेम व सदभाव का संदेश दिया। डा. पवन ने भगवान राम का अभिनय किया। जबकि शिवचंद्र ने लक्ष्मण का अभिनय किया। इनके अतिरिक्त दूसरे मंचों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिनमें पेंटिंग, जिम्रास्ट, कबड्डी, शतंरज, सांप सीढ़ी, साइकलिंग, मटका रेस, तीर अंदाजी सहित अन्य खेल शामिल थे। इस अवसर पर खालसा कॉलेज के प्रोफेसर डा. बीर सिंह, सरदार परमिंदर पाल सिंह, लवकेश, निधि गुप्ता, मनोज फोर, विनोद शर्मा, मनोज व प्रियंका काठपाल, संजय बतरा सहित अन्यों ने राहगिरी में अपनी सेवाएं दी।






























